झांसी में दर्दनाक हादसा: तिलांजलि देने गए एक ही परिवार के 5 लोगों की नदी में डूबने से मौत

Jhansi News: झांसी में सुखनई नदी में तिलांजलि देने और स्नान करने गए एक ही परिवार के पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई। गोताखोरों ने पांचों के शव बरामद किए।

Newstrack Network
Published on: 29 Sept 2026 5:11 PM IST
झांसी में दर्दनाक हादसा: तिलांजलि देने गए एक ही परिवार के 5 लोगों की नदी में डूबने से मौत
X

social media image

Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के मऊरानीपुर क्षेत्र में मंगलवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। देवरी सिंहपुरा गांव के पास सुखनई नदी में तिलांजलि देने और स्नान करने गए एक ही परिवार के पांच लोग गहरे पानी में डूब गए। हादसे के बाद स्थानीय गोताखोरों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर पांचों के शव बाहर निकाले। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, देवरी सिंहपुरा निवासी विजय तिवारी ने बताया कि 28 सितंबर को 45 वर्षीय अनूप तिवारी के ताऊ का श्राद्ध कार्यक्रम था। मंगलवार सुबह अनूप तिवारी अपने परिवार के श्रेयांश, अभिनय तिवारी, अर्पित और जालौन के हरदोई निवासी रिश्तेदार पुष्कर शुक्ला के साथ सुखनई नदी के चैक डैम के पास तिलांजलि देने और स्नान करने पहुंचे थे।

एक को डूबता देख बचाने पहुंचे

बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान अभिनय तिवारी का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख साथ मौजूद अन्य लोग उसे बचाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में पांचों लोग गहरे पानी में चले गए और डूब गए। चैक डैम के बाहर पत्थर की चट्टानों के कारण उन्हें चोटें भी आईं।

गोताखोरों ने एक-एक कर निकाले शव

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उप जिलाधिकारी मनोज कुमार भारती, पुलिस क्षेत्राधिकारी रत्नेश सिंह और कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में बड़े स्तर पर खोजबीन अभियान चलाया गया। काफी प्रयास के बाद पांचों के शव एक-एक कर बाहर निकाले गए।

परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिवार में मचा कोहराम

एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से देवरी सिंहपुरा गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसडीएम मनोज कुमार भारती ने बताया कि पीड़ित परिवार को सरकारी नियमों के तहत आगामी 24 से 48 घंटे में आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story