झांसी: 25 क्विंटल गांजा तस्करी मामले में तीन दोषियों को 10-10 साल की कैद व जुर्माना

Jhansi News: विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट की अदालत ने उड़ीसा से टैंकर में करोड़ों के गांजे की तस्करी करने वाले तीन दोषियों पर लगाया दो-दो लाख का अर्थदंड।

Gaurav Kushwaha
Published on: 28 Nov 2026 10:43 PM IST
झांसी: 25 क्विंटल गांजा तस्करी मामले में तीन दोषियों को 10-10 साल की कैद व जुर्माना
X

Jhansi News 

Jhansi News: विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट ओम पाल सिंह के न्यायालय ने चार वर्ष पूर्व यूपी एसटीएफ और एनसीबी टीम द्वारा झांसी पुलिस के साथ संयुक्त रूप से करोड़ों रुपए कीमत के गांजे सहित पकड़े गए तीन नशे के सौदागरों को दोषी करार देते हुए दस - दस साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाते हुए अर्थदंड से भी दंडित किया।

विशेष लोक अभियोजक उदय नारायण सोनी ने बताया कि पिछले काफी समय से उत्तर प्रदेश की एसटीएफ और एनसीबी टीम को उड़ीसा से गांजा की तस्करी कर झांसी के रास्ते उत्तर प्रदेश के आगरा, मथुरा, झांसी, सहित पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश आदि जिलों में बड़े पैमाने पर गांजा की तस्करी की सूचना मिल रही थी। इसी सूचना पर यूपी एसटीएफ और एनसीबी टीम ने झांसी पुलिस के साथ संयुक्त रूप से 19 जुलाई 2022 को बबीना टोल के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी एक टैंकर गुजरा जिसको संदेह के आधार पर रोक कर तलाशी लेने का प्रयास किया। लेकिन टैंकर नहीं खुला। इस पर तीनों टीमों ने टैंकर को कटर से काट कर चेकिंग की तो उसके अंदर भारी मात्रा में कई पैकेट बने रखे थे।

पैकेटों की तलाशी ली गई तो उसके अंदर गांजा था। टीमों ने गांजा की तोल कराई जिसमें करीब 25 क्विंटल अवैध गांजा बरामद हुआ। टीम ने टैंकर चालक महाराष्ट्र के नागपुर कल्मेसर बुध बाजार निवासी सतीश हेलौंडे, क्लीनर जिला संभल के पाठकपुर निवासी जलाल उद्दीन सूफी, साथी मध्यप्रदेश के जिला गुना बांस खेड़ी निवासी हरि सिंह सहित टैंकर के पीछे चार पहिया गाड़ी से चल रहे शक्ति सैनी को दबोच लिया। पूछताछ में टैंकर चालक सतीश हेलौंडे ने बताया कि वह चालक है, और यह गाड़ी में माल कार से पीछे चला रहे शक्ति सैनी ने उड़ीसा से रखवाया था और वह इसे मथुरा ले जा रहा था।

टीमों ने टैंकर और गांजा को जब्त करते हुए चारों आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर सभी को जेल भेज दिया था। सभी आरोपी तभी से जेल में निरुद्ध थे। न्यायालय में चल रही सुनवाई के दौरान आज तीन आरोपियों पर दोष सिद्ध हो गया वही साक्ष्य के आभाव में एक आरोपी दोष मुक्त हो गया। न्यायालय ने दोष सिद्ध आरोपी महाराष्ट्र के पुणे निवासी सतीश हेलौंडे, जलाल उद्दीन और हरि शंकर को दस - दस साल की सजा और दो - दोलाख रूपये अर्थदंड अदा करने का फैसला सुनाया। वही एक आरोपी शक्ति सैनी साक्ष्य के आभाव में दोष मुक्त हो गया।

Gaurav Kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav Kushwaha

वरिष्ठ संवाददाता, झाँसीgauravkushwaha@newstrack.com@gmail.com
Next Story