TRENDING TAGS :
Jhansi News:कृषि विश्वविद्यालय में पीएम किसान 23वीं किस्त का लाइव प्रसारण, किसानों ने देखा कार्यक्रम
Jhansi News: झांसी स्थित रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त के जारी होने का लाइव प्रसारण देखा गया। इस दौरान करोड़ों किसानों को 18,880 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई और कृषि योजनाओं की जानकारी दी गई।
Jhansi News
Jhansi News: रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी में शनिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी होने के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय परिसर में किसानों और कृषि वैज्ञानिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का वर्चुअल माध्यम से सामूहिक लाइव प्रसारण देखा।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से आयोजित कार्यक्रम में देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के रूप में लगभग 18,880 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कृषि क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं और परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया।
फसल बीमा और डिजिटल कृषि मिशन को मिलेगा विस्तार
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) तथा पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना (RWBCIS) के विस्तार की घोषणा की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में 30 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में 1.10 करोड़ किसानों को फसल बीमा कवरेज प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है।इसके अलावा प्रधानमंत्री डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत एग्री-टेक प्लेटफॉर्म, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के 346 क्लस्टर तथा प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया गया।
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को दी तकनीकी जानकारी
लाइव प्रसारण समाप्त होने के बाद विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिकों ने उपस्थित किसानों को खरीफ फसलों की वैज्ञानिक खेती, उन्नत कृषि तकनीकों, फसल सुरक्षा तथा जलवायु अनुकूल कृषि प्रबंधन के बारे में विस्तृत जानकारी दी।किसानों द्वारा पूछे गए विभिन्न कृषि संबंधी सवालों का विशेषज्ञों ने विस्तार से जवाब दिया और आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया।विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने किसानों से केंद्र सरकार की कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा वैज्ञानिक खेती अपनाकर उत्पादन और आय बढ़ाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में निदेशक शोध डॉ. एस.के. चतुर्वेदी, अधिष्ठाता डॉ. आर.के. सिंह, विभिन्न विभागों के वैज्ञानिक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार ज्ञापन निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. सुशील कुमार सिंह ने किया।


