Jhansi News: कोहरे में सुरक्षित ट्रेन संचालन के लिए झांसी मंडल ने जारी की सिग्नल लोकेशन बुक

Jhansi News: कोहरे के दौरान ट्रेनों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए झांसी मंडल रेल प्रशासन ने सिग्नल लोकेशन बुक जारी की है। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने 2 नवंबर को इसका विमोचन किया।

Gaurav kushwaha
Published on: 2 Nov 2026 4:26 PM IST
Jhansi News: कोहरे में सुरक्षित ट्रेन संचालन के लिए झांसी मंडल ने जारी की सिग्नल लोकेशन बुक
X

Jhansi News

Jhansi News: उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल में कोहरे के दौरान ट्रेनों का संरक्षित एवं सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 02 नवंबर 2026 को मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा लोको पायलट एवं सहायक लोको पायलटों के मार्गदर्शन हेतु “सिग्नल लोकेशन बुक” का विमोचन किया गया। यह पहल कोहरे के मौसम में रेल परिचालन के दौरान लोको पायलटों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा संरक्षा संबंधी सतर्कता को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कोहरे के दौरान दृश्यता कम होने के कारण रेल परिचालन में विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक होता है। कम दृश्यता की स्थिति में सिग्नलों को समय रहते पहचानना और उनकी स्थिति के अनुसार निर्धारित संरक्षा नियमों का पालन करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई सिग्नल लोकेशन बुक लोको पायलटों एवं सहायक लोको पायलटों के लिए उपयोगी मार्गदर्शिका के रूप में सहायक होगी।इस बुक में प्रत्येक स्टेशन पर सिग्नलों की स्थिति, उनकी दूरी एवं पहचान से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे लोको पायलटों को अपने निर्धारित रेलखंड पर सिग्नलों की अवस्थिति की जानकारी प्राप्त करने तथा कोहरे के दौरान परिचालन संबंधी आवश्यक सावधानियाँ बरतने में सहायता मिलेगी। साथ ही, सिग्नलों की पहचान में सुविधा होने से निर्धारित संरक्षा नियमों का पालन करते हुए ट्रेनों के सुरक्षित संचालन को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

सिग्नल लोकेशन बुक का विमोचन झाँसी मंडल रेल प्रशासन द्वारा संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उठाए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है। कोहरे के मौसम में रेल परिचालन से जुड़ी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार की पहल रेल कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और परिचालन के दौरान सतर्कता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्री नंदीश कुमार शुक्ला, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री अतुल यादव, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं टेलीकॉम इंजीनियर (कोऑर्डिनेशन) कु. रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सुश्री सीमा तिवारी, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री गिरीश कंचन एवं वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (परिचालन) श्री धर्मेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

झाँसी मंडल रेल प्रशासन संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कोहरे के दौरान ट्रेनों का सुरक्षित एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों के अनुपालन, कर्मचारियों की सतर्कता तथा संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने पर निरंतर ध्यान दिया जा रहा है।

Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Jhansi - Reportergauravkushwaha.newstrackpr@gmail.com
Next Story