TRENDING TAGS :
Jhansi News: झांसी रेलवे स्टेशन पर सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की मांग
Jhansi News: झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने ठेका प्रथा समाप्त कर उन्हें सरकारी सेवा में नियमित करने की मांग की है। इस संबंध में ट्रेड यूनियन ने DRM को ज्ञापन सौंपा है।
Jhansi News
Jhansi News: अखिल भारतीय अनुसूचित जाति युवजन समाज (रजि.) एवं राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी ट्रेड यूनियन (रजि.) के संयुक्त तत्वावधान में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों के हितों को लेकर भारत सरकार के प्रधानमंत्री एवं रेलमंत्री के नाम मण्डल रेल प्रबंधक झांसी के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपा गया।
संगठन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर लागू ठेका प्रथा को समाप्त किया जाए तथा वर्तमान में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को सरकारी सेवा में बहाल किया जाए।राष्ट्रीय महासचिव ऋषि कुमार भारतीय ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज और देश की स्वच्छता व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में सफाई कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। कोरोना महामारी जैसे कठिन समय में भी सफाई कर्मियों ने अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन किया, लेकिन इसके बावजूद कई कर्मचारी रोजगार असुरक्षा और ठेका प्रथा के कारण शोषण का सामना कर रहे हैं।
प्रदेश महासचिव अमित करौसिया वाल्मीकि ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर ठेका व्यवस्था को पूर्ण रूप से समाप्त किया जाए और कर्मचारियों को स्थायी सरकारी सेवा का लाभ दिया जाए, जिससे उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।इस अवसर पर अरुन वाल्मीकि, ऋषि कुमार भारतीय, अमित करौसिया, अरुन वाल्मीकि, संजय मेहरौलिया, सुनील करौसिया, आशीष रायकवार, विजय रायकवार, नरेन्द्र वाल्मीकि, विशाल वाल्मीकि, कर्मचारी गण वाल्मीकि समाज के लोग मौजूद रहे।


