TRENDING TAGS :
Jhansi News: तिरंगे की शान में एकजुट होगी झाँसी, 14 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
Jhansi News: झाँसी में 14 अगस्त 2026 को संघर्ष सेवा समिति द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा एस.एम. टावर, झोकन बाग से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पत्रकार भवन पहुँचेगी।
Jhansi News
Jhansi News: भारत की माटी केवल धरती नहीं, बल्कि उन असंख्य वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान की साक्षी है, जिनके रक्त से सिंचित इस पावन धरा ने स्वतंत्रता का स्वर्णिम सूर्योदय देखा। इसी राष्ट्रभाव को जन-जन के हृदय में और प्रखर करने के उद्देश्य से संघर्ष सेवा समिति द्वारा विगत कई वर्षों से आयोजित की जा रही विशाल तिरंगा यात्रा इस वर्ष भी पूरे उत्साह और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में निकाली जाएगी।
इस आयोजन के संबंध में झोकन बाग स्थित संघर्ष सेवा समिति कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। समिति के संस्थापक डॉ. संदीप सरावगी ने पत्रकारों को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानों से परिचित कराने का संकल्प है।उन्होंने कहा कि हमारा तिरंगा भारत की अस्मिता, स्वाभिमान, एकता और अखंडता का प्रतीक है। इसके नीचे जब पूरा समाज एक साथ खड़ा होता है, तो जाति, वर्ग और भेद की सीमाएँ पीछे छूट जाती हैं और केवल राष्ट्रभाव सर्वोपरि हो जाता है।
14 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा 14 अगस्त 2026, शुक्रवार को प्रातः 10 बजे एस.एम. टावर, झोकन बाग से प्रारंभ होगी। यात्रा में शहर के विभिन्न वर्गों के नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, महिलाएँ एवं राष्ट्रप्रेमी बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे।
इन मार्गों से होकर गुजरेगी यात्रा
तिरंगा यात्रा एस.एम. टावर, झोकन बाग से प्रारंभ होकर गोविंद चौराहा, सैयर गेट, मिनर्वा चौराहा, रानी महल, बड़ा बाजार और सिंधी तिराहा होते हुए पत्रकार भवन प्रांगण पहुँचेगी, जहाँ यात्रा का समापन होगा।समिति की ओर से झाँसीवासियों से अपील की गई है कि वे अपने परिवार एवं बच्चों के साथ इस राष्ट्रभक्ति के महापर्व में सहभागी बनें और तिरंगे की शान में एकजुट होकर झाँसी की धरती को राष्ट्रभक्ति के जयघोष से गुंजायमान करें।डॉ. संदीप सरावगी ने कहा कि स्वतंत्रता केवल इतिहास का कोई अध्याय नहीं, बल्कि वर्तमान की जिम्मेदारी और भविष्य की नींव है।
ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता के मूल्यों तथा राष्ट्रनायकों के संघर्ष एवं बलिदान से जोड़ना समय की आवश्यकता है।संघर्ष सेवा समिति ने सभी जनपदवासियों को सपरिवार तिरंगा यात्रा में सम्मिलित होने का सादर आमंत्रण देते हुए कहा कि 14 अगस्त को झाँसी की धरती तिरंगे के रंग में रंगे और राष्ट्रभक्ति के स्वर से गूँज उठे।प्रेस वार्ता में हेमंत कुशवाह (आर्यन मेकअप मंत्रा), संजीव विश्वकर्मा (आदर्श इंटर कॉलेज, खजूर बाग) सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।


