Jhansi News: यूपीटीईटी 2026 शांतिपूर्ण संपन्न, तीन दिनों में 26,183 अभ्यर्थी हुए शामिल

Jhansi News: झांसी के 20 परीक्षा केंद्रों पर यूपीटीईटी 2026 कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। तीन दिनों में कुल 26,183 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 5,225 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

Gaurav Kushwaha
Published on: 4 July 2026 6:41 PM IST
Jhansi News: यूपीटीईटी 2026 शांतिपूर्ण संपन्न, तीन दिनों में 26,183 अभ्यर्थी हुए शामिल
X

Jhansi News

Jhansi News: जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) आयोजित की गई। तीसरे दिन 5814 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी है जबकि 663 ने परीक्षा छोड़ी है। इस प्रकार तीन दिन हुई परीक्षा में 26183 परीक्षार्थी मौजूद रहे, जबकि 5225 अनुपस्थित रहे हैं। यह परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा की बीच संपन्न हुई है।

नोडल अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल एवं पुलिस अधीक्षक नगर श्रीमती प्रीति सिंह ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) परीक्षा-2026 की अंतिम दिवस की लिखित परीक्षा नगर के 20 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सुचिता से संपन्न कराए जाने हेतु विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षार्थियों से संवाद कर दी जा रही सुविधाओं की भी ली जानकारी।

अपर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक नगर ने संयुक्त रुप से नकल विहीन,सुचिता और शान्तिपूर्ण तरीके से परीक्षा को सम्पन्न कराये जाने हेतु नेशनल हाफिज सिद्दीकी स्कूल सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया, यूपीटीईटी परीक्षा में डुप्लीकेट परीक्षार्थी किसी भी दशा में शामिल न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए कक्ष निरीक्षक को एडमिशन कार्ड की गंभीरता से जांचा गया। उन्होने परीक्षा के दौरान प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था के अतिरिक्त पेयजल, विद्युत आपूर्ति भी सुनिश्चित किए जाने की जानकारी ली।परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए अपर जिलाधिकारी ने फ्रिस्किंग के साथ ही उनके सामान को सुरक्षित रखे जाने की व्यवस्था को देखा, उन्होंने कहा कि सारी व्यवस्थाएं निशुल्क हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में कोई भी परीक्षार्थी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश न करें, इसकी सावधानीपूर्वक जांच की जाए।

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) -2026 प्रवेश परीक्षा नगर के 20 परीक्षा केन्द्रों पर एक पाली में संपन्न हुई। आज अंतिम दिवस 04 जुलाई को 20 परीक्षा केंद्रों पर पूर्वाहन 09.30 से 12.00 बजे तक संपन्न हुई परीक्षा में 6477 परीक्षार्थी पंजीकृत थे परंतु 5814 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 663 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पहले दिन 11637 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी जबकि 3253 ने परीक्षा छोड़ी है। इसी तरह दूसरे दिन 13883 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी है जबकि 1309 ने परीक्षा छोड़ी थी।

उन्होंने बताया परीक्षा केंद्र पर पूर्ण शांति और सूचिता से संपन्न कराए जाने के लिए 20 केंद्र व्यवस्थापकों को तैनात किए, इसके अतिरिक्त 20 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 20 विभागीय परीक्षकों को लगाया गया। परीक्षा नकल विहीन कराने के लिए लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया गया। उन्होंने नगर में सकुशल परीक्षा संपन्न होने पर पुलिस एवं प्रशासन सहित विभिन्न विद्यालयों के व्यवस्थापकों के प्रति आभार व्यक्त किया। परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा नामित प्रेक्षक सहित परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य, केंद्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे।

Gaurav Kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav Kushwaha

वरिष्ठ संवाददाता, झाँसीgauravkushwaha@newstrack.com@gmail.com
Next Story