Jhansi News: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Jhansi News: झांसी के मऊरानीपुर में 23 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Gaurav kushwaha
Published on: 17 Jun 2026 7:16 PM IST
Jhansi News: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
X

Jhansi News

Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद की मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक 23 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव सड़क किनारे एक गड्ढे में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह चौहान पुत्र मनोहर सिंह निवासी चौहान की टपरिया के रूप में हुई है। बताया गया है कि सुरेंद्र जयपुर में निजी नौकरी करता था और छुट्टी लेकर अपने घर आया हुआ था। वह 15 जून को इंटरसिटी ट्रेन से मऊरानीपुर पहुंचा था।परिजनों के मुताबिक, घर आने के बाद वह एक रिश्तेदार के यहां गया था। वहां से अपने घर के लिए निकलने के बाद वह वापस नहीं पहुंचा। काफी देर तक संपर्क न होने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की।अगले दिन भानपुरा खेड़ा तिगैला के पास उसकी मोटरसाइकिल लावारिस हालत में खड़ी मिली। इसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई और आसपास के क्षेत्रों में युवक की तलाश तेज कर दी गई।

खोजबीन के दौरान सड़क से कुछ दूरी पर स्थित एक गड्ढे में युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया शुरू की।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।वहीं परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की गहन और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Next Story