TRENDING TAGS :
Jhansi News: कैलारस–बीरपुर रेलखंड का लोकार्पण, तीन नई ट्रेनों की विस्तारित सेवा शुरू
Jhansi News: कैलारस–बीरपुर आमान परिवर्तित रेलखंड का लोकार्पण हुआ। इस अवसर पर तीन नई ट्रेनों की विस्तारित सेवा शुरू की गई।
Jhansi News
Jhansi News: मध्य प्रदेश के कैलारस और बीरपुर स्टेशनों के मध्य आमान परिवर्तन के उपरांत नवनिर्मित रेलखंड का लोकार्पण एवं आमान परिवर्तित रेलखंड पर तीन नई गाड़ियों की विस्तारित सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश, डॉ. मोहन यादव; केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव; केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया; मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर तथा मुरैना के सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने किया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कैलारस से बीरपुर तक मेमू सेवा का विस्तार ग्वालियर–चंबल अंचल के लिए केवल एक नई रेल सुविधा नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास की नई संभावनाओं का द्वार है। इस सेवा से बीरपुर, सबलगढ़ और आसपास के गांवों के लोगों का ग्वालियर सहित प्रमुख शहरों तक आवागमन अधिक आसान होगा। उन्होंने कहा कि रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने से विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, युवाओं के लिए रोजगार, किसानों के लिए बाजार और व्यापारियों के लिए नए अवसरों का विस्तार होगा।
रेल मंत्री ने कहा कि आज का दिन ग्वालियर–चंबल अंचल के लिए केवल एक रेल परियोजना के पूर्ण होने का अवसर नहीं, बल्कि क्षेत्र की आकांक्षाओं, विकास की संभावनाओं और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल क्षमता विस्तार, आधुनिक तकनीक, सुरक्षा, यात्री सुविधाओं और तेज कनेक्टिविटी के नए दौर में प्रवेश कर रही है। मध्य प्रदेश को वर्ष 2026–27 में रेलवे विकास के लिए लगभग 15,188 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है तथा राज्य में लगभग 1.18 लाख करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं प्रगति पर हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत प्रदेश के 80 स्टेशनों के पुनर्विकास सहित आधुनिक रेल सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्वालियर–श्योपुरकला आमान परिवर्तन परियोजना लगभग 188 किलोमीटर लंबी महत्वपूर्ण परियोजना है, जिसकी लागत लगभग 3,128 करोड़ रुपये है। आज कैलारस–बीरपुर के 56 किलोमीटर लंबे आमान परिवर्तित ब्रॉडगेज रेलखंड का उद्घाटन इस व्यापक परियोजना की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे गरीबों और मध्यम वर्ग की सवारी है। आमजन को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए 12,500 जनरल एवं स्लीपर कोच के निर्माण का आदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस, नमो भारत रैपिड रेल और वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के माध्यम से भारतीय रेल को नया स्वरूप देने का काम किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आज सबलगढ़ और बीरपुर क्षेत्र को वह सौगात मिल रही है, जिसका यहां के लोग लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और विस्तार को नई गति प्रदान की है।कार्यक्रम में मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, मुरैना सांसद शिवमंगल सिंह तोमर आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह तथा मंडल रेल प्रबंधक, झांसी, अनिरुद्ध कुमार ने किया। इस अवसर पर झांसी मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


