Jhansi News: लक्ष्मीतालाब के कुंड में मिली मानव खोपड़ी, जांच में जुटी पुलिस

Jhansi News: झांसी के लक्ष्मीतालाब में खोपड़ी मिलने से जांच शुरू, अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौत, त्योहारी सीजन में खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन चलेगी।

Gaurav kushwaha
Published on: 17 Oct 2026 10:38 PM IST
Human skull found in Laxmitalab pond, Juti police investigating
X

लक्ष्मीतालाब के कुंड में मिली मानव खोपड़ी, जांच में जुटी पुलिस (Photo- Newstrack)

Jhansi News: झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीतालाब कुंड के पास प्लास्टिक की बोरी में मानव खोपड़ी मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। खोपड़ी के माथे पर खून का टीका और सिंदूर लगा हुआ था। बताया गया कि कुंड के पास कूड़ा इकट्ठा किया जाता है, जहां रोज की तरह कुछ बच्चे पन्नी और प्लास्टिक की बोतलें बीनने पहुंचे थे। इसी दौरान एक लड़की ने बोरी खोली तो उसमें मानव खोपड़ी दिखाई दी। वह डरकर वहां से भाग गई।

सूचना मिलने पर स्थानीय पार्षद राहुल कुशवाहा समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने खोपड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने तंत्र-मंत्र से जुड़े होने की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि खोपड़ी किसी पुरानी कब्र से तो नहीं निकली या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फॉरेंसिक विशेषज्ञ साक्ष्य जुटा रहे हैं।

त्योहारी सीजन में खजुराहो से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलेगी ट्रेन

त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे खजुराहो और हजरत निजामुद्दीन के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाएगा। गाड़ी संख्या 01913 खजुराहो से 21 अक्टूबर से 18 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 01914 हजरत निजामुद्दीन से 22 अक्टूबर से 19 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को संचालित होगी। दोनों दिशाओं में 13-13 ट्रिप निर्धारित हैं। ट्रेन में कुल 20 आईसीएफ कोच होंगे, जिनमें पांच स्लीपर, 12 सामान्य श्रेणी, एक एसी थ्री टियर और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं।

अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौत

झांसी और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई। टोड़ीफतेहपुर के बेरबई गांव में सीमा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उनके पति नीरज अहिरवार मेले में झूला लगाने गए थे और उनके माता-पिता खेत पर थे। घर पहुंचे सात और तीन साल के बच्चों ने मां को फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद मोहल्ले के लोगों को जानकारी हुई।

मोंठ के अशोक नगर निवासी चंदन सिंह ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह दो बच्चों के पिता थे। प्रेमनगर के न्यूरायगंज प्रेमगंज निवासी कैंसर पीड़ित कैलाश यादव ने आईटीआई के पास ट्रेन से कटकर जान दे दी। टीकमगढ़ के जीरोन क्षेत्र निवासी भगवान दास की बेटी मोहनी की विषाक्त पदार्थ खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। महोबा के कबरई क्षेत्र निवासी सरोज खाना बनाते समय झुलस गई थीं। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, टोड़ीफतेहपुर के छिरौना बुजुर्ग निवासी मनोज कुशवाहा की पेट में अचानक दर्द होने के बाद मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। पुलिस ने संबंधित शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Jhansi - Reportergauravkushwaha.newstrackpr@gmail.com
Next Story