TRENDING TAGS :
Jhansi News: सीट विवाद पर महिला दारोगा इंजन के आगे खड़ी हुई, ट्रेन रुकी
Jhansi News: झांसी-कानपुर मेमू ट्रेन में सीट को लेकर दंपति से विवाद के बाद महिला दारोगा ने दो बार चेन पुलिंग की। एरच रोड स्टेशन पर ट्रेन 40 मिनट तक रुकी रही।
Jhansi News: 64607 झांसी - कानपुर सेंट्रल मेमू ट्रेन में सीट को लेकर महिला दारोगा का दंपति से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला दारोगा ने रेलयात्री पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर उसने ट्रेन की चेन पुलिंग कर दी। जैसे ही ट्रेन रवाना होने लगी तो वह इंजन के आगे आकर खड़ी हुई और रेलयात्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। काफी देर समझाने के बाद ट्रेन को गंतव्य स्थान के लिए रवाना किया गया। इस घटनाक्रम के चलते मेमू ट्रेन करीब 40 मिनट विलंब से रवाना हो सकी।
64607 झांसी-कानपुर सेंट्रेल मेमू ट्रेन अपने निर्धारित समय से लगभग 25 मिनट विलंब से झांसी रेलवे स्टेशन से गंतव्य स्थान की ओर रवाना हुई थी। इसी ट्रेन में पूंछ थाना क्षेत्र के मबूसा निवासी महिला दारोगा महादेवी राजपूत भी सफर कर रही थी। वह जनरल कोच में सवार थी। इसी कोच में एक दंपति भी सवार थे। सफर के दौरान सीट को लेकर महिला दारोगा का दंपति से विवाद हो गया। काफी देरतक कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान युवक ने महिला दारोगा से दुर्व्यवहार किया। इसी बात को लेकर महिला दारोगा आग बबूला हो गई।
एरच रोड स्टेशन के पास चेन खींच जाने से ट्रेन में इमरजेंसी ब्रेक लग गए, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। जैसे ही ट्रेन रुकी तो महिला दारोगा ने एक रेलयात्री पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उसने कहा कि जब तक युवक के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक ट्रेन आगे नहीं बढ़ेगी।
इस बीच महिला इंजन केबिन के पास पहुंची तो चालक अमित कुमार ने बॉकी टॉकी से रेलवे गार्ड व आरपीएफ को सूचना दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और बवाल कर रही महिला को समझाने का प्रयास किया मगर वह अपनी बात पर अडिग रही। जैसे ही चालक ने ट्रेन को आगे बढ़ाने का प्रयास किया तो वह इंजन के आगे आकर खड़ी हो गई।
आरपीएफ जवानों ने उक्त महिला दारोगा को समझाया। इसके बाद वह ट्रेन में सवार हो गई। करीब 40 मिनट बाद मेमू ट्रेन गंतव्य स्थान की ओर रवाना हुई। जैसे ही ट्रेन उरई रेलवे स्टेशन पहुंची तो उक्त महिला दारोगा ने लिखित तहरीर नहीं दी। बताया गया है कि उक्त महिला दारोगा लखीमपुर खीरी में तैनात है।


