Jhansi News: मोंठ में परिवार परामर्श केन्द्र शुरू, दंपत्ति को मिलेगी राहत

Jhansi News: मोंठ में परिवार परामर्श केन्द्र शुरू। अब दंपत्ति को वैवाहिक विवाद सुलझाने जिला मुख्यालय नहीं जाना है। बातचीत और मध्यस्थता से स्थानीय स्तर पर समाधान कराया जाएगा।

Gaurav kushwaha
Published on: 21 Nov 2026 10:08 PM IST
Family counseling center started in Month, couples get relief
X

मोंठ में परिवार परामर्श केन्द्र शुरू, दंपत्ति को मिलेगी राहत (Photo- Newstrack)

Jhansi News: जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार द्वारा थाना मोंठ परिसर में नवनिर्मित परिवार परामर्श केन्द्र का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर केन्द्र की व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसके प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

वर्तमान में वैवाहिक विवादों (मैट्रिमोनियल डिस्प्यूट्स) के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु जिला मुख्यालय पर परिवार परामर्श केन्द्र पूर्व से संचालित है। प्रकरणों की अधिक संख्या को दृष्टिगत रखते हुए परिवार परामर्श केन्द्रों का विकेन्द्रीकरण किया जा रहा है तथा प्रत्येक सर्किल स्तर पर क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में परिवार परामर्श केन्द्र स्थापित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सर्किल मोंठ के अंतर्गत थाना मोंठ परिसर में इस केन्द्र की स्थापना की गई है।

यह मामले निपटाए जाएंगे

पति-पत्नी के मध्य उत्पन्न वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों को आपसी बातचीत एवं समझाइश के माध्यम से सुलझाने का प्रयास करना। पारिवारिक विवादों में दोनों पक्षों की बात सुनकर मध्यस्थता (मीडिएशन) के माध्यम से आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण समाधान कराना। पारिवारिक विवादों के कारण उत्पन्न तनाव एवं मतभेदों को दूर करने हेतु आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराना। पारिवारिक प्रकरणों में संबंधित पक्षों को उचित मार्गदर्शन एवं आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध कराना। क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए उनका समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना।

पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा

परिवार परामर्श केन्द्र की स्थापना से सर्किल मोंठ के नागरिकों को वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों के समाधान हेतु जिला मुख्यालय तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी तथा स्थानीय स्तर पर ही परामर्श एवं मध्यस्थता की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के साथ-साथ परिवारों के बीच आपसी समझ, समन्वय एवं सौहार्द को बढ़ावा मिलेगा।

दोनों पक्षों की सुनी जाएगी समस्याएं

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को परिवार परामर्श केन्द्र का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने, दोनों पक्षों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनने तथा संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ मध्यस्थता की प्रक्रिया संपन्न कराकर प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया।

चौकीदारों को वितरित किए गए कम्बल

उद्घाटन के उपरान्त जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा शीत ऋतु के दृष्टिगत ग्राम चौकीदारों को कम्बल वितरित किए गए। झाँसी पुलिस पारिवारिक विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान एवं परिवारों में आपसी सामंजस्य बनाए रखने हेतु प्रतिबद्ध है। उद्घाटन समारोह में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविन्द कुमार, क्षेत्राधिकारी मोंठ सुनील कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

जनता की सुनीं जनसमस्याएँ

तहसील मोठ में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार द्वारा जनसामान्य की शिकायतों को सुनकर संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।

Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Jhansi - Reportergauravkushwaha.newstrackpr@gmail.com
Next Story