Jhansi News: झांसी में संग्रहालय दिवस पर छायाचित्र प्रदर्शनी, 30 जून तक निःशुल्क अवलोकन

Jhansi News: झांसी में अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन। 30 जून तक निःशुल्क अवलोकन, भारतीय और विश्व संग्रहालयों की झलक।

Gaurav Kushwaha
Published on: 18 May 2026 6:02 PM IST
Jhansi News
X

Jhansi News(Photo-Social Media)

Jhansi News: “अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस” के अवसर पर राजकीय संग्रहालय झाँसी द्वारा विश्व के प्रसिद्ध संग्रहालयों पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन संग्रहालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम ने अन्य विशिष्ट अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि पवन कुमार गौतम ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी आमजन को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि संग्रहालय हमारे अतीत के दर्पण हैं, जो हमें हजारों वर्षों पुरानी समृद्ध और गौरवशाली विरासत से परिचित कराते हैं। उन्होंने नागरिकों और विद्यार्थियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करें।

उन्होंने यह भी बताया कि यह छायाचित्र प्रदर्शनी 15 मई से 30 जून 2026 तक जनपदवासियों के लिए राजकीय संग्रहालय में निःशुल्क प्रवेश एवं अवलोकन हेतु उपलब्ध रहेगी। यह सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है, जो सीधे तौर पर लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ता है। प्रदर्शनी के संबंध में उप निदेशक राजकीय संग्रहालय डॉ. मनोज कुमार गौतम ने बताया कि इसमें भारत के प्रमुख संग्रहालयों जैसे राजकीय संग्रहालय मथुरा, राज्य संग्रहालय लखनऊ, भारत कला भवन वाराणसी, इलाहाबाद संग्रहालय, राष्ट्रीय संग्रहालय दिल्ली, रेल म्यूजियम दिल्ली, सलारजंग संग्रहालय हैदराबाद, भारतीय संग्रहालय कोलकाता, विक्टोरिया मेमोरियल कोलकाता और अल्बर्ट हॉल जयपुर सहित विश्व के कई प्रमुख संग्रहालयों को प्रदर्शित किया गया है।

इसके अलावा नेशनल म्यूजियम लीडेन, न्यूयॉर्क का ज्वीस म्यूजियम, अमेरिकन इंडियन म्यूजियम, ब्रिटिश म्यूजियम लंदन, अगोरा म्यूजियम एथेंस, स्टेट हिस्टोरिकल म्यूजियम मॉस्को और इजिप्ट रेलवे म्यूजियम जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की जानकारी भी प्रदर्शनी में शामिल है। उप निदेशक ने कहा कि मानव सभ्यता का इतिहास इस बात का प्रमाण है कि मनुष्य ने अपने अतीत को सुरक्षित रखने का निरंतर प्रयास किया है। इतिहास केवल घटनाओं का संग्रह नहीं, बल्कि शिक्षा और प्रेरणा का स्रोत है। संग्रहालय उसी इतिहास को मूर्त रूप में प्रस्तुत करते हैं। कार्यक्रम में सहायक सूचना निदेशक सुरजीत सिंह, वरिष्ठ पत्रकार मोहन नेपाली सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story