Jhansi News: वैगन कारखाने ने मैनेजरों के लिए ब्रेक वैन प्रोटोटाइप तैयार, रेलवे ने निर्देश जारी किए

Jhansi News: झांसी वैगन मरम्मत कारखाने ने ट्रेन मैनेजरों के लिए संशोधित BVZI और BVCM ब्रेक वैन का प्रोटोटाइप तैयार किया। रेलवे बोर्ड ने राष्ट्रव्यापी अपग्रेडेशन के निर्देश दिए।

Gaurav Kushwaha
Published on: 9 Aug 2026 1:48 PM IST
Jhansi News
X

Jhansi News(Photo-Social Media)

Jhansi News: उत्तर मध्य रेलवे के झांसी वैगन मरम्मत कारखाने ने ट्रेन मैनेजरों (गार्ड) की कार्य स्थितियों में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। कारखाने ने मॉडिफाइड ब्रेक वैन (BVZI एवं BVCM) का पहला सफल प्रोटोटाइप तैयार किया है। ट्रेन मैनेजरों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है। इस पहल की ट्रेन मैनेजरों ने व्यापक सराहना की है।

झांसी के प्रोटोटाइप के बाद रेलवे बोर्ड का बड़ा फैसला

झांसी कारखाने की ओर से विकसित किए गए नए डिजाइन के ब्रेक वैन को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलों को आरएसपी के अंतर्गत BVZI और BVCM ब्रेक वैनों के राष्ट्रव्यापी अपग्रेडेशन (POH/ROH) का आधिकारिक निर्देश जारी किया है। इससे देशभर में मालगाड़ियों के ट्रेन मैनेजरों के लिए ब्रेक वैन को बेहतर बनाने की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।

360 डिग्री घूमने वाली सीट से बढ़ेगी सुविधा

संशोधित ब्रेक वैन में ट्रेन मैनेजरों के लिए नई डिजाइन की 360 डिग्री रोटेटेबल गार्ड चेयर लगाई गई है। इसके साथ विशेष फुट रेस्ट भी उपलब्ध कराया गया है। इससे लंबे समय तक ड्यूटी करने वाले ट्रेन मैनेजरों को बैठने और काम करने में पहले की तुलना में अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।

सोलर पावर से पंखे और लाइट की सुविधा

नई ब्रेक वैन में विद्युत सुविधाओं को भी बेहतर किया गया है। पंखे और लाइट के संचालन के लिए सोलर पैनल तथा संयुक्त नियंत्रण इकाई के साथ 12.8V/110 Ah क्षमता की लिथियम फेरो फॉस्फेट बैटरी का प्रावधान किया गया है। इससे ब्रेक वैन में आवश्यक विद्युत सुविधाओं की उपलब्धता बेहतर होगी।

केबिन के अंदर भी किए गए कई सुधार

ब्रेक वैन के केबिन के इंटीरियर में भी कई बदलाव किए गए हैं। इसमें फ्लीट ग्राफिक्स फिल्म, टिकाऊ पॉलियामाइड एपॉक्सी रेजिन फ्लोरिंग और बेहतर गुणवत्ता वाला कमोड शामिल है। इसके अलावा ट्रेन मैनेजरों की रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई अतिरिक्त सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।

वॉकी-टॉकी स्टैंड से लेकर कोट हुक तक सुविधाएं

संशोधित ब्रेक वैन में वॉकी-टॉकी स्टैंड, बोतल होल्डर, कोट हुक, ग्रैब हैंडल और यूनिवर्सल की वाले डोर लॉक की सुविधा दी गई है। इन सुविधाओं का उद्देश्य ट्रेन मैनेजरों के दैनिक कार्य को अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाना है।

जीएम ने झांसी कारखाने की टीम की सराहना की

उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने इस प्रोजेक्ट की व्यक्तिगत रूप से मॉनिटरिंग की। उन्होंने प्रोटोटाइप विकसित करने वाली झांसी कारखाने की टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नए डिजाइन के ब्रेक वैन से ट्रेन मैनेजरों की कार्य परिस्थितियों में सुधार होगा। ट्रेन संचालन में संरक्षा सुनिश्चित करने में ट्रेन मैनेजरों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में उनकी कार्य सुविधाओं और सुरक्षा में सुधार का सीधा लाभ ट्रेन संचालन की व्यवस्था को मिल सकता है।

देशभर की ब्रेक वैन के अपग्रेडेशन का रास्ता खुला

झांसी वैगन मरम्मत कारखाने की इस पहल के बाद रेलवे बोर्ड द्वारा सभी जोनल रेलों को दिए गए निर्देश महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। राष्ट्रव्यापी स्तर पर BVZI और BVCM ब्रेक वैनों के अपग्रेडेशन से मालगाड़ियों में तैनात ट्रेन मैनेजरों को बेहतर कार्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कदम आगे बढ़ेगा।

Gaurav Kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav Kushwaha

वरिष्ठ संवाददाता, झाँसीgauravkushwaha@newstrack.com@gmail.com
Next Story