TRENDING TAGS :
Jhansi News: अग्निवीर युवाओं के लिए सहारा बने सदर एसडीएम, तत्काल सत्यापित कराए जाति प्रमाण पत्र
Jhansi News: झांसी में अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को राहत मिली। सदर एसडीएम ने पहल करते हुए जाति प्रमाण पत्रों का तत्काल सत्यापन कराकर अभ्यर्थियों की मदद की।
Jhansi News(Photo-Social Media)
Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के पांच युवकों का अग्निवीर योजना के तहत चयन हो चुका था, लेकिन जाति प्रमाण पत्र के सत्यापन में देरी के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। यह सभी युवा पिछले चार दिनों से अपने दस्तावेजों को सत्यापित कराने के लिए भटक रहे थे। जब उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्होंने झांसी सदर एसडीएम गोपेश तिवारी से संपर्क किया।
लेखपालों के नहीं मिलने से अटका था काम
बाजदा गांव निवासी कुलदीप यादव, खेरा गांव निवासी रिंकू परिहार, कोटखेरा निवासी प्रिंस यादव, सिजवाहा निवासी प्रशांत पाल और केसोधन निवासी सत्येंद्र राजपूत ने बताया कि हाल ही में उनका अग्निवीर योजना के तहत थलसेना में चयन हुआ था। उन्होंने बताया कि परीक्षा और दौड़ पास करने के बाद उनके शैक्षिक दस्तावेजों का सत्यापन पूरा हो चुका था। इसके बाद अधिकारियों ने जाति प्रमाण पत्र को लेखपाल से सत्यापित कराने के लिए कहा था। युवाओं का कहना था कि उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों के लेखपालों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन पिछले चार दिनों से उनसे मुलाकात नहीं हो पा रही थी।
जॉइनिंग प्रक्रिया पर पड़ रहा था असर
युवाओं ने बताया कि जाति प्रमाण पत्र का सत्यापन न होने की वजह से उन्हें नौकरी से संबंधित जॉइनिंग प्रमाण पत्र नहीं मिल पा रहा था। समय पर प्रक्रिया पूरी न होने के कारण वे चिंतित थे और लगातार प्रयास करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा था।
एसडीएम गोपेश तिवारी ने तत्काल की मदद
अपनी समस्या लेकर सभी युवा शुक्रवार को झांसी सदर एसडीएम गोपेश तिवारी के पास पहुंचे। युवाओं ने उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया और बताया कि दस्तावेज सत्यापन में देरी के कारण उनकी जॉइनिंग प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। युवाओं की परेशानी को देखते हुए एसडीएम गोपेश तिवारी ने तत्काल कार्रवाई की और उनके जाति प्रमाण पत्रों का सत्यापन करा दिया। एसडीएम की इस पहल से युवाओं को बड़ी राहत मिली और उनकी जॉइनिंग प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया।
युवाओं ने जताया आभार
समस्या का समाधान होने के बाद सभी युवाओं ने एसडीएम गोपेश तिवारी का धन्यवाद किया। उनका कहना था कि कई दिनों से वे इस काम के लिए परेशान हो रहे थे, लेकिन एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद उनकी समस्या का तुरंत समाधान हो गया। इससे अब उन्हें अपनी नौकरी से जुड़ी आगे की औपचारिकताएं पूरी करने में किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी।


