Jhansi News: उड़ीसा के दो गांजा तस्कर गिरफ्तार, दिल्ली-गाजियाबाद सप्लाई के लिए ले जा रहे थे गांजा

Jhansi News: झांसी रेलवे स्टेशन पर उड़ीसा के दो गांजा तस्कर गिरफ्तार हुए। पुलिस ने 14.338 किलो गांजा बरामद किया, जिसे दिल्ली-गाजियाबाद में सप्लाई करना था।

Gaurav kushwaha
Published on: 6 Sept 2026 1:53 PM IST
Jhansi News
X

Jhansi News(Photo-Social Media)

Jhansi News: राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) की क्राइम विंग टीम ने वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए उड़ीसा के दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी रेलवे स्टेशन से उतरकर खानपान के लिए जाने की फिराक में थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 14.338 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 16 हजार 900 रुपये बताई गई है।

रेलवे पुलिस के अनुसार, ट्रेनों और रेलवे प्लेटफॉर्मों पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जीआरपी और आरपीएफ क्राइम विंग की टीम वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि उड़ीसा के दो गांजा तस्कर स्टेशन पर उतरने वाले हैं। दोनों के पास पिट्ठू बैग हैं, जिनमें गांजा रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान टीम की नजर दो संदिग्ध युवकों पर पड़ी। पुलिस ने उनका पीछा किया और ग्रुप डी गेस्ट हाउस के पीछे स्थित यार्ड में खंभा नंबर ORD-95 के पास दोनों को पकड़ लिया।

दो आरोपियों को पुलिस ने दबोचा

पकड़े गए आरोपियों की पहचान पिराता बडारायता और स्टीफन बडारायता के रूप में हुई है। दोनों उड़ीसा के गजपति जिले के थाना अड़वा क्षेत्र के ग्रीगड़ा पोस्ट अन्तरावा के पास के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस दोनों को जीआरपी थाने लेकर पहुंची, जहां पूछताछ के दौरान उनके पास गांजा होने की पुष्टि हुई। तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 14.338 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की कीमत करीब 7,16,900 रुपये है।

दिल्ली और गाजियाबाद में करनी थी सप्लाई

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह गांजा दिल्ली और गाजियाबाद में सप्लाई करने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने यह भी बताया कि वे काफी समय से गांजा की तस्करी कर रहे हैं और इसे बेचने के लिए गाजियाबाद आते-जाते हैं। रेलवे पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों और गांजा तस्करी के नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे दिल्ली व गाजियाबाद में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

अभियान के तहत हुई कार्रवाई

पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज एन. कोलांची और पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग झांसी विपुल श्रीवास्तव के निर्देशन में ट्रेनों और रेलवे प्लेटफॉर्मों पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जीआरपी और आरपीएफ क्राइम विंग की संयुक्त टीम को यह सफलता मिली।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

कार्रवाई करने वाली टीम में जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अजय कुमार, मुख्य आरक्षी आशुतोष तिवारी और आरक्षी मोहित मिश्रा शामिल रहे। टीम ने सूचना के आधार पर स्टेशन परिसर में निगरानी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से गांजा बरामद किया।

Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Jhansi - Reportergauravkushwaha.newstrackpr@gmail.com
Next Story