Jhansi News: ड्रग सप्लायर परवेज हत्याकांड में अदालत सख्त, एक और आरोपी की जमानत अर्जी निरस्त

Jhansi News: झाँसी के चर्चित ड्रग सप्लायर परवेज अली हत्याकांड में एक और आरोपी आर्सिल खान को न्यायालय से राहत नहीं मिली। सत्र न्यायाधीश कमलेश कच्छल की अदालत ने अभियोजन पक्ष की दलीलें सुनने के बाद आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी।

Gaurav kushwaha
Published on: 25 Nov 2026 8:26 PM IST
Jhansi News: ड्रग सप्लायर परवेज हत्याकांड में अदालत सख्त, एक और आरोपी की जमानत अर्जी निरस्त
X

Jhansi News

Jhansi News: दो माह पूर्व प्रेमनगर थाना क्षेत्र में हुए ड्रग सप्लायर परवेज अली हत्याकांड के एक और आरोपी को आज न्यायालय से राहत नहीं मिली। सत्र न्यायाधीश कमलेश कच्छल की अदालत ने आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके चलते आरोपी को फिलहाल जेल में ही रहना पड़ेगा।अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी कर रहे डीजीसी क्राइम मृदुलकांत श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 सितंबर को प्रेमनगर क्षेत्र के नगरा स्थित हाट के मैदान में देर रात विजय नगर नहर रोड निवासी परवेज अली मरणासन्न अवस्था में मिला था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जो हत्या की ओर इशारा कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें परवेज को एक चार पहिया वाहन से फेंकते हुए देखा गया।इसके बाद पुलिस ने विभिन्न सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सीडीआर का विश्लेषण किया। जांच के आधार पर साहिल मिश्रा पुत्र मुकेश मिश्रा, प्रियांश सोनी, आर्सिल खान, फरहान, शुभम, शनि नामदेव, भूपेंद्र और यश शिवहरे के नाम प्रकाश में आए। पूछताछ के दौरान सभी ने अपना जुर्म कबूल किया।

विवेचना के दौरान पुलिस को प्रेमनगर थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी पुलिया नंबर नौ में तैनात सिपाही आशीष सिंह की भी घटना में संलिप्तता मिली। आरोप है कि सिपाही आशीष ने घटना के बाद उसे छिपाने और आरोपियों को बचाने के एवज में दो लाख रुपये लिए थे तथा पुलिस विभाग को गुमराह किया था। पुलिस ने सिपाही समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।आज आरोपी आर्सिल खान की ओर से न्यायालय में जमानत प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने जमानत का विरोध करते हुए न्यायालय को बताया कि मृतक परवेज अली को आरोपी आर्सिल खान के चार पहिया वाहन में ही ले जाया गया था और उसी वाहन में उसके साथ मारपीट की गई थी। अभियोजन पक्ष की दलीलों को सुनने के बाद न्यायालय ने आर्सिल खान की जमानत याचिका खारिज कर दी।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में आरोपी सिपाही समेत अन्य आरोपियों की जमानत याचिकाएं भी पहले ही खारिज हो चुकी हैं।पुलिस के अनुसार, सह अभियुक्त साहिल मिश्रा और प्रियांश सोनी ने मृतक परवेज अली से ड्रग खरीदने के लिए मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क किया था। इसके लिए पांच हजार रुपये टोकन मनी के रूप में ऑनलाइन परवेज के खाते में भेजे गए थे।बताया गया है कि परवेज अली मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त था और कुछ समय पूर्व जम्मू-कश्मीर में ड्रग सप्लाई के मामले में जेल में बंद था।

Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Jhansi - Reportergauravkushwaha.newstrackpr@gmail.com
Next Story