TRENDING TAGS :
Jhansi में पुलिस की चार बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी है
Jhansi News: झांसी में अपहरण-मारपीट के दो आरोपी गिरफ्तार हुए, रिपोर्ट दर्ज न होने की शिकायत और अलग-अलग घटनाओं में मौत के मामले भी सामने आए हैं। पुलिस अब जांच कर रही है।
Jhansi में पुलिस की चार बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी है (Photo- Newstrack)
Jhansi News: झांसी में सीपरी बाजार थाना पुलिस ने अपहरण और मारपीट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के गणेश चौराहा के पास एक युवक खड़ा था। इसी दौरान चार पहिया वाहन में सवार दो लोग वहां पहुंचे और सड़क किनारे खड़े युवक के साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद दोनों उसे गाड़ी में डालकर अपने साथ ले गए। घटना की सूचना यूपी डायल 112 पर दी गई। सूचना में बताया गया कि युवक के छोटे भाई को चार पहिया वाहन संख्या यूपी 32 एलयू 3798 में डालकर ले जाया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पीआरवी ने घेराबंदी कर युवक और उसे ले जाने वालों की तलाश शुरू कर दी। कुछ समय बाद डायल 112 पर सूचना मिली कि अयोध्यापुरी कॉलोनी में एक युवक खाली प्लॉट में लगी समर खोलकर चोरी करने का प्रयास कर रहा है। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के साथ पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस युवक पर प्लॉट से समर चोरी करने का आरोप लगाया जा रहा है, उसके अपहरण की सूचना कुछ समय पहले ही डायल 112 पर दी गई थी। पुलिस ने विकास गुप्ता को अपने कब्जे में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। मेडिकल जांच में उसके शरीर पर मारपीट के चोट के निशान मिले।
इसके बाद नाबालिग के भाई पंचवटी कॉलोनी निवासी सौरभ गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने अयोध्यापुरी कॉलोनी निवासी रवि यादव और महेंद्र पुरी कॉलोनी निवासी विनय यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि देर रात करीब दस बजे शराब के नशे में दोनों आरोपियों का किसी बात को लेकर विकास गुप्ता से विवाद हो गया था। इसी विवाद के दौरान रवि यादव और विनय यादव विकास को अपने साथ ले गए और उसके साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने करीब सात घंटे के अंदर विकास को बरामद कर लिया।
कप्तान के आदेशों के बाद भी रिपोर्ट दर्ज न होने का आरोप
झांसी जिले में पुलिस कप्तान के आदेशों के बावजूद घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जनसुनवाई के बाद भी थानेदार और चौकी प्रभारी अपनी मनमर्जी से काम कर रहे हैं। पीड़ितों का कहना है कि सूचना देने के बाद भी छुटपुट घटनाओं के अलावा लूटपाट जैसी वारदातों की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की जा रही है।
टोड़ीफतेहपुर थाना क्षेत्र के विक्रमपुरा निवासी प्रदीप पटेल ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर अपनी शिकायत सामने रखी है। प्रदीप चिरगांव स्थित एक कंपनी में फाइनेंस कर्मचारी के पद पर तैनात हैं। उनका कहना है कि 28 अगस्त को वह मोटरसाइकिल से गुरसराय गए थे। वहां से वापस लौटते समय ग्राम बंका पहाड़ी और मैं गांव के बीच सड़क पर तीन अज्ञात लोग खड़े थे।
प्रदीप के मुताबिक, तीनों लोगों ने पीछे से उन पर पत्थर से हमला कर दिया। इससे वह मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर गए। इसके बाद तीनों ने उनके साथ मारपीट की और गले से सोने की चेन तथा बैग में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी लूटकर बाइक से फरार हो गए।
पीड़ित का कहना है कि घटना में वह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई थी, लेकिन दस दिन बीत जाने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। प्रदीप के अनुसार थानेदार को लिखित तहरीर भी दी जा चुकी है, इसके बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। पीड़ित का आरोप है कि वह रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए लगातार पुलिस के चक्कर लगा रहा है।
अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत
झांसी में अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों की मौत हो गई। घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
समथर थाना क्षेत्र की नईबस्ती में रहने वाले प्रमोद कुमार यादव ने कतिपय कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं ग्वालियर के डबरा स्थित जवाहर कॉलोनी निवासी रमेश सिंह बीते रोज सड़क हादसे में घायल हो गए थे। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
उधर, मोंठ थाना क्षेत्र के ग्राम सारन निवासी राजवीर सिंह की सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जमानत पर बाहर आए आरोपी पर पांच लाख रुपये मांगने का आरोप
झांसी में दुष्कर्म के मामले में जेल जाने के बाद जमानत पर बाहर आए आरोपी पर पीड़िता को धमकाने और पांच लाख रुपये मांगने का आरोप लगा है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे रुपये मांग रहा है। आरोप है कि उसने पीड़िता का रिश्ता भी तुड़वा दिया।
मोंठ थाना क्षेत्र के ग्राम अटरिया निवासी मोहित राजपूत को दुष्कर्म के आरोप में जेल भेजा गया था। कई महीने जेल में रहने के बाद वह पिछले माह जमानत पर बाहर आया। पीड़िता का आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद से ही मोहित लगातार उसे धमका रहा है।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी उसके वीडियो दिखाकर उन्हें वायरल करने की धमकी दे रहा है। आरोप है कि वह उसके रिश्तेदारों और परिवार के लोगों को उसकी अश्लील तस्वीरें भेज रहा है। कुछ दिनों पहले पीड़िता की शादी तय हुई थी। आरोप है कि वहां भी तस्वीरें भेजे जाने के बाद उसका रिश्ता टूट गया।
पीड़िता का आरोप है कि अब आरोपी वीडियो आगे नहीं भेजने के एवज में पांच लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा है। परिजनों के रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी ने उसके भाई को भी झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी।
पुलिस ने मोहित के खिलाफ रंगदारी मांगने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।


