Jhansi News: आंधी-बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, लेकिन रातभर बिजली गुल होने से लोगों का फूटा गुस्सा

Jhansi News: कटेरा में तेज आंधी और बारिश के बाद पूरी रात बिजली गुल रही। उमस से लोग बेहाल रहे और 33 केवी लाइन में घटिया सामग्री लगाने के आरोप लगे।

Gaurav kushwaha
Published on: 29 May 2026 4:51 PM IST
Jhansi power cut
X

आंधी-बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, लेकिन रातभर बिजली गुल होने से लोगों का फूटा गुस्सा (Photo- Newstrack)

Jhansi News: कटेरा (झांसी)। गुरुवार रात आई तेज आंधी और बारिश ने जहां भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत दी, वहीं विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। रात करीब दस बजे ठप हुई बिजली आपूर्ति पूरी रात बहाल नहीं हो सकी। इससे कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में लोग उमस और गर्मी से बेहाल रहे। सुबह सप्लाई चालू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।

बिजली कटते ही घरों में अंधेरा छा गया और पंखे-कूलर बंद हो गए। उमस भरी गर्मी के कारण लोगों का घरों में बैठना मुश्किल हो गया। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज रातभर परेशान रहे। कई लोग छतों और गलियों में टहलते नजर आए। पूरी रात बिजली गुल रहने से लोगों में विद्युत विभाग के प्रति गहरी नाराजगी देखने को मिली।

बारिश के मौसम में यह समस्या आम है

स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि 33 केवी लाइन निर्माण में ठेकेदारों द्वारा घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है। उनका कहना है कि जरा सी तेज हवा या हल्की बारिश होते ही कहीं इंसुलेटर फट जाते हैं तो कहीं लाइन में फाल्ट हो जाता है। लोगों के अनुसार बारिश के मौसम में यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन विभाग स्थायी समाधान की ओर ध्यान नहीं दे रहा।

लोगों का कहना है कि बारिश शुरू होने से पहले विभाग को आवश्यक तैयारियां पूरी कर लेनी चाहिए। लाइन के आसपास पेड़ों की डालियों की समय रहते छंटाई कराई जाए तथा क्षतिग्रस्त इंसुलेटर तुरंत बदले जाएं, ताकि बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति बिना रुकावट जारी रह सके।

जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनआंदोलन

क्षेत्र के अंकित गुप्ता पार्षद, प्रताप सिंह चौहान पार्षद, कमलेश पंडा पार्षद, मनोज जैन पार्षद, अनिल लांगया पार्षद, नीलू गुप्ता, अमित गुप्ता, जग्गी नीखरा, दिनेश साहू, आशीष गुप्ता, प्रेमनारायण गोल्या, राजकुमार जैन, अभिमन्यु स्वर्णकार, बेटू महाराज, प्रदीप गुप्ता, सौरभ जैन, आदर्श डेंगरे, शिवशंकर सोनी और विक्रम सिंह बुन्देला समेत अन्य लोगों ने 33 केवी लाइन का दोबारा सर्वे कराकर निर्माण कार्य की जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनआंदोलन किया जाएगा।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story