Jhansi News: रेल संरक्षा आयुक्त ने खैरार-अकौना नई दूसरी रेल लाइन का किया निरीक्षण

Jhansi News: झांसी मंडल में खैरार-अकौना के बीच बनी 18.05 किमी लंबी दूसरी रेल लाइन का रेल संरक्षा आयुक्त ने निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रैक, सिग्नल, ओएचई और अन्य संरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई।

Gaurav kushwaha
Published on: 18 Jun 2026 8:19 PM IST
Jhansi News: रेल संरक्षा आयुक्त ने खैरार-अकौना नई दूसरी रेल लाइन का किया निरीक्षण
X

Jhansi News

Jhansi News: उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मण्डल द्वारा यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं परिचालन क्षमता में वृद्धि हेतु आधारभूत संरचना के विस्तार के क्रम में खैरार एवं अकौना स्टेशनों के मध्य 18.05 किलोमीटर लंबी नव निर्मित दूसरी रेल लाइन का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इस रेलखंड पर रेल संरक्षा आयुक्त (पूर्वोत्तर परिमंडल) प्रणजीव सक्सेना द्वारा दो दिवसीय वैधानिक निरीक्षण प्रारम्भ किया गया।

निरीक्षण के प्रथम दिवस प्रणजीव सक्सेना ने मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) राजकुमार वानखेड़े तथा मंडल रेल प्रबंधक, अनिरुद्ध कुमार की उपस्थिति में खैरार से अकौना के मध्य नव निर्मित एवं विद्युतीकृत दूसरी रेल लाइन का गहन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा खैरार रेलवे स्टेशन पर संरक्षा अभिलेखों, नवनिर्मित पैनल भवन, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (ईआई) कक्ष, आईपीएस प्रणाली, स्टेशन वर्किंग रूल, प्लेटफॉर्म क्लियरेंस, सिग्नलिंग व्यवस्था, बैलास्ट, फाउलिंग मार्क, पैनल इंटरलॉकिंग, बैटरी कक्ष, रिले रूम आदि का विस्तृत परीक्षण किया गया। साथ ही स्टेशन मास्टर से परिचालन एवं संरक्षा संबंधी प्रश्न पूछकर उनकी कार्यकुशलता का परीक्षण भी किया गया।

इसके उपरांत रेल संरक्षा आयुक्त ने मण्डल एवं निर्माण संगठन के अधिकारियों के साथ मोटर ट्रॉली द्वारा खैरार एवं अकौना के मध्य नव निर्मित दूसरी लाइन का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ट्रैक, ट्रैक्शन व्यवस्था, ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई), सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, स्विचिंग प्वाइंट्स तथा अन्य संरक्षा संबंधी संस्थापनों की कार्यक्षमता एवं गुणवत्ता की जांच की गई। विभिन्न संस्थापनों को आवश्यकतानुसार संचालित कर उनकी कार्यप्रणाली का परीक्षण भी किया गया।

रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा इचौली रेलवे स्टेशन के निकट स्थित नव स्थापित प्वाइंट संख्या-101 के संचालन एवं कार्य गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त बांदा छोर पर विस्तारित प्लेटफॉर्म का संरक्षा मानकों के अनुरूप निरीक्षण किया गया। स्टेशन स्थित रिले रूम, नवनिर्मित स्टेशन भवन तथा नई रेल लाइन से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं परिचालनिक संस्थापनों का भी गहन परीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) राजकुमार वानखेड़े, मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार, वरिष्ठ मंडल अभियंता (पूर्व)आयुष श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट नीरज भटनागर, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सुश्री सीमा तिवारी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/टीआरडी सतवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (ब्रांच लाइन) सुश्री रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर नरेन्द्र सिंह, सहित मुख्यालय, निर्माण संगठन एवं मण्डल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे I

Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Next Story