Jhansi मंडल में ऊर्जा संरक्षण से करोड़ों की बचत, कर्मचारियों के प्रमोशन पर भी बड़ा फैसला

Jhansi News: सौर ऊर्जा से सितंबर में 9.42 लाख की बचत, डीजल खपत 16.1% घटी। रेलवे प्रशासन के आश्वासन पर कर्मचारी संघ ने धरना स्थगित किया, दिसंबर तक पदोन्नति पूरी होगी।

Gaurav kushwaha
Published on: 18 Nov 2026 10:00 PM IST
Jhansi division saves crores from energy conservation, also big decision on promotion of employees
X

Jhansi मंडल में ऊर्जा संरक्षण से करोड़ों की बचत, कर्मचारियों के प्रमोशन पर भी बड़ा फैसला (Photo- Newstrack)

Jhansi News: उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल पहल के साथ कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े मामलों को लेकर महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। एक ओर मंडल में सौर ऊर्जा के इस्तेमाल और डीजल की खपत कम करने से रेलवे को आर्थिक बचत हो रही है, वहीं दूसरी ओर उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ के धरने के नोटिस के बाद रेलवे वर्कशॉप प्रशासन ने कर्मचारियों की पदोन्नति समेत अन्य मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रशासन के आश्वासन के बाद संघ ने गुरुवार को प्रस्तावित धरना स्थगित कर दिया है।

सौर ऊर्जा उत्पादन से सितंबर में 9.42 लाख रुपये की बचत

भारतीय रेलवे की ओर से ऊर्जा संरक्षण, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने और परिचालन लागत कम करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में झांसी मंडल में सौर ऊर्जा के अधिकाधिक इस्तेमाल, डीजल ईंधन की खपत कम करने और ऊर्जा संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन प्रयासों से रेलवे को आर्थिक लाभ मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिल रहा है।

झांसी मंडल में स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों से सितंबर 2026 के दौरान कुल 1,43,170 यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ। इससे मंडल को 9,42,712 रुपये की आर्थिक बचत हुई। वहीं, अप्रैल 2026 से सितंबर 2026 तक सौर ऊर्जा संयंत्रों से कुल 8,27,949 यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया। इससे अब तक मंडल को 50,77,277 रुपये की संचयी बचत प्राप्त हुई है। सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से पारंपरिक बिजली स्रोतों पर निर्भरता कम हो रही है और स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है। सितंबर के दौरान मंडल के सौर ऊर्जा संयंत्रों का क्षमता उपयोग कारक (सीयूएफ) 10.88 प्रतिशत दर्ज किया गया।

डीजल की खपत में 16.1 प्रतिशत की कमी

डीजल ईंधन की खपत नियंत्रित करने के लिए रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुसार झांसी मंडल में जरूरत नहीं होने पर डीजल लोको को बंद रखने की व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू की जा रही है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। अक्टूबर 2026 में डीजल लोको शटडाउन के जरिए एचएसडी ऑयल पर 1,43,47,500 रुपये की बचत दर्ज की गई। अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक इस मद में कुल 10,41,21,682 रुपये की संचयी बचत हुई है।

डीजल के बेहतर प्रबंधन के कारण अक्टूबर 2026 में एचएसडी ऑयल की खपत घटकर 502 किलोलीटर रह गई, जबकि अक्टूबर 2025 में यह 599 किलोलीटर थी। इस तरह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 97 किलोलीटर डीजल की कम खपत हुई, जो 16.1 प्रतिशत की कमी है।

मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि सौर ऊर्जा जैसे नवीकरणीय स्रोतों का इस्तेमाल और डीजल की खपत नियंत्रित करने के प्रयास ऊर्जा संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे रेलवे के परिचालन खर्च में कमी आने के साथ स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण अनुकूल कार्यप्रणाली को भी बढ़ावा मिल रहा है।

धरने के नोटिस के बाद रेलवे प्रशासन ने शुरू की वार्ता

दूसरी ओर, उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ की ओर से 19 नवंबर को घोषित धरने के नोटिस के बाद रेलवे वर्कशॉप प्रशासन भी सक्रिय हो गया। प्रशासन ने बुधवार को ही संघ के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाया। उप मुख्य कार्मिक अधिकारी ने पदोन्नति से जुड़े मामलों पर सुबह और शाम दो चरणों में वार्ता की। सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद संघ ने गुरुवार को होने वाला धरना स्थगित कर दिया।

वार्ता के दौरान उप मुख्य कार्मिक अधिकारी ने टेक्नी-2 और टेक्नी-3 की संशोधित वरीयता सूची उसी दिन जारी करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा तीन दिन के भीतर मिलराइट के पदों पर पदोन्नति पूरी करने और एक सप्ताह में टेक्नी-3 कर्मचारियों को ट्रेड टेस्ट के लिए भेजने की बात कही गई।

15 दिसंबर तक पदोन्नति पूरी करने का आश्वासन

प्रशासन ने टेक्नी-2 से टेक्नी-1 में पदोन्नति की प्रक्रिया एक दिसंबर से शुरू कर 15 दिसंबर तक पूरी करने का भरोसा दिया। इसी तरह टेक्नी-3 कर्मचारियों का ट्रेड टेस्ट कराने के बाद 15 दिसंबर तक उनकी पदोन्नति पूरी करने का आश्वासन दिया गया। अन्य सभी ट्रेडों में भी पदोन्नति की पूरी प्रक्रिया दिसंबर महीने में समाप्त कर कर्मचारियों को पदोन्नति देने की बात कही गई, ताकि उन्हें जनवरी में मिलने वाला वित्तीय लाभ समय से मिल सके।



इसके साथ ही दिव्यांग कर्मचारियों को तिपहिया स्कूटी उपलब्ध कराने के लिए जल्द अधिसूचना जारी करने और पदोन्नति के अलावा अन्य मांगों पर भी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। उप मुख्य कार्मिक अधिकारी जॉय अमित वैन्ड्रिन की ओर से दिए गए सकारात्मक भरोसे के बाद संघ ने धरना स्थगित करने का निर्णय लिया। हालांकि संघ ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई तो वह दोबारा धरना देने के लिए बाध्य होगा।

कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने रखीं समस्याएं

वार्ता में कर्मचारी संघ की ओर से मंडल अध्यक्ष संजीव वर्मा, मंडल मंत्री संतोष राठौर, कोषाध्यक्ष दयानिधि मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत नायक, संगठन मंत्री कपीस सिंह, अमित थापक, संदीप दत्त, पंकज पाण्डेय, रविकांत अग्निहोत्री, अंशुल जैन, कुलदीप नायक, प्रदीप शुक्ला और रामभरत गौड़ सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की पदोन्नति और अन्य समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा। अब कर्मचारियों को दिसंबर में तय समय सीमा के भीतर पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है।

Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Jhansi - Reportergauravkushwaha.newstrackpr@gmail.com
Next Story