TRENDING TAGS :
Jhansi News: झांसी मंडल के चार स्टेशनों पर इन-मोशन वेमेंट ब्रिज की सुविधा
Jhansi News: सरसोकी, सिंहपुर डुमरा, कबरई और गोहद रोड पर सुविधा शुरू, बिना ट्रेन रोके हर वैगन और एक्सल का वजन होगा, जिससे माल परिवहन तेज और पारदर्शी बनेगा।
झांसी मंडल के चार स्टेशनों पर इन-मोशन वेमेंट ब्रिज की सुविधा -मंडल रेल प्रबंधक/झांसी मंडल अनिरुद्ध कुमार (Photo- Newstrack)
Jhansi News: झांसी रेल मंडल में मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के कुशल मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) श्री नीरज भटनागर के नेतृत्व में माल परिवहन को अधिक सुरक्षित, सुगम, पारदर्शी और दक्ष बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मंडल के चार स्टेशनों सरसोकी, सिंहपुर डुमरा, कबरई और गोहद रोड पर इन-मोशन वेमेंट ब्रिज (In-Motion Weighment Bridge) की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस आधुनिक तकनीक के माध्यम से चलती हुई मालगाड़ी के वैगनों का वजन बिना ट्रेन को रोके किया जा सकता है। इससे वजन के लिए अतिरिक्त ठहराव की आवश्यकता कम होती है और मालगाड़ियों के परिचालन में समय की बचत होती है।
इन-मोशन वेमेंट ब्रिज की विशेषता यह है कि मालगाड़ी के प्रत्येक वैगन के साथ-साथ प्रत्येक एक्सल के वजन को भी अलग-अलग दर्ज किया जाता है। इससे वैगन में भार के असमान वितरण (Uneven Loading) की तुरंत पहचान की जा सकती है। यदि किसी विशेष एक्सल पर निर्धारित अनुपात से अधिक भार पाया जाता है, तो समय रहते आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जा सकती है। इससे ओवरलोडिंग और असंतुलित भार को नियंत्रित करने में मदद मिलती है तथा वैगन, ट्रैक और अन्य रेल परिसंपत्तियों की संरक्षा सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।
इस सुविधा से माल परिवहन में पारदर्शिता और परिचालन दक्षता भी बढ़ेगी। वजन संबंधी आंकड़े डिजिटल रूप से दर्ज होने के कारण मैनुअल प्रक्रिया पर निर्भरता कम होगी और माल लदान की प्रभावी निगरानी की जा सकेगी। बिना ट्रेन रोके वजन होने से मालगाड़ियों के टर्नअराउंड टाइम को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी, जिससे रेल नेटवर्क की क्षमता का अधिक प्रभावी उपयोग संभव होगा और माल परिवहन को गति मिलेगी।
इन-मोशन वेमेंट ब्रिज का सीधा लाभ व्यापारियों को भी मिलेगा। प्रत्येक एक्सल के वजन की जानकारी मिलने से व्यापारी असमान लदान की स्थिति को समय रहते ठीक कर सकेंगे और अनावश्यक ओवरलोडिंग से बच सकेंगे। इससे पेनल्टी चार्ज को कम रखने में सहायता मिलेगी तथा असमान लदान के कारण अतिरिक्त दूरी के लिए लगने वाले पेनल्टी चार्ज को भी कम किया जा सकेगा। इस प्रकार यह सुविधा व्यापारियों के लिए माल परिवहन को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और किफायती बनाने में सहायक होगी।
झांसी रेल मंडल के सरसोकी, सिंहपुर डुमरा, कबरई और गोहद रोड स्टेशनों पर इन-मोशन वेमेंट ब्रिज की सुविधा उपलब्ध होना तकनीक आधारित आधुनिक रेल परिचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सटीक वजन, प्रत्येक एक्सल के भार की निगरानी, असमान एवं ओवरलोडेड लदान की पहचान तथा बिना ट्रेन रोके वजन की सुविधा से माल परिवहन अधिक सुरक्षित, तेज और विश्वसनीय बनेगा।


