TRENDING TAGS :
Jhansi News: रेलवे स्टेशन से बैग चोरी कर भाग रहा राजस्थान का युवक गिरफ्तार
Jhansi News: जीआरपी ने प्लेटफार्म के पास बैग समेत पकड़ा, लैपटॉप, चार्जर और अन्य सामान बरामद, अदालत ने अलग मामले में दोषी को अर्थदंड भी दिया।
रेलवे स्टेशन से बैग चोरी कर भाग रहा राजस्थान का युवक गिरफ्तार (Photo- Newstrack)
Jhansi News: झांसी में राजकीय रेलवे पुलिस ने रेलवे स्टेशन से यात्री का पिट्ठू बैग चोरी कर भाग रहे राजस्थान के युवक को गिरफ्तार किया है। बैग में लैपटॉप, चार्जर और अन्य घरेलू सामान रखा था, जिसकी कीमत हजारों रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को बैग समेत पकड़कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक रेलवे विपुल कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक लल्लूराम, उपनिरीक्षक रवि सोलंकी, मुख्य आरक्षी शैलेंद्र सिंह चौहान और कांस्टेबल रोहित पाठक स्टाफ के साथ रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि स्टेशन से एक रेल यात्री का पिट्ठू बैग चोरी हुआ है और एक युवक बैग लेकर प्लेटफार्म नंबर 1/7 से आगे दिल्ली एंड की ओर ई-केबिन के पास खड़ा है।
सूचना मिलते ही जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और युवक को बैग समेत पकड़ लिया। थाने लाकर पूछताछ करने पर उसने स्टेशन से बैग चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक राजस्थान के डूंगट के थाना खाजना के सिवाय माधोपुर ग्राम पलौथी के पास रहने वाला अशोक कुमार है। उसके पास से मिले बैग में लैपटॉप, चार्जर और अन्य घरेलू सामान बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार अशोक कुमार पहले भी कई चोरी की वारदात कर चुका है।
अश्लील हरकत के मामले में एक हजार रुपये का अर्थदंड
झांसी में न्यायालय सिविल जज जूनियर डिवीजन, एफटीसी, सीएडब्ल्यू ने अश्लील हरकत करने के आरोप में घनश्याम दास को दोषी माना। अदालत ने उसे न्यायालय उठने तक की सजा सुनाने के साथ एक हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। घनश्याम दास कोतवाली थाना क्षेत्र के ढिमरयाना मोहल्ले का रहने वाला है। उसे अश्लील हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और अदालत में पेश करने के बाद जेल भेजा गया था।
दूसरी शादी का विरोध करने पर पत्नी को घर से निकालने का आरोप
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिजौली निवासी मोहिनी राजपूत ने अपने पति देवकीनंदन राजपूत पर दूसरी शादी करने और विरोध करने पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। मोहिनी ने पुलिस को बताया कि उसके दो बच्चे हैं। आरोप है कि पति ने दूसरी शादी कर ली। इसका विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया।
मोहिनी के मुताबिक घर से निकाले जाने के बाद वह अपने मायके लालकुर्ती में रह रही है। आरोप है कि देवकीनंदन वहां भी आकर उसे लगातार धमकी दे रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने देवकीनंदन राजपूत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


