Jhansi News: झांसी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा जांच अभियान, ट्रेन से गिरे यात्री को RPF ने बचाया

Jhansi News: त्योहार के बाद यात्रियों की भीड़ को देखते हुए आरपीएफ ने सघन चेकिंग की। ऑपरेशन जीवन रक्षा में 26 वर्षीय यात्री को ट्रेन के नीचे से निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया।

Gaurav kushwaha
Published on: 14 Nov 2026 11:30 PM IST
Security check operation at Jhansi railway station, RPF rescues passenger who fell from train
X

झांसी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा जांच अभियान, ट्रेन से गिरे यात्री को RPF ने बचाया (Photo- Newstrack)

Jhansi News: झांसी। फेस्टिवल सीजन खत्म होने के बाद अपने गंतव्य की ओर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी की ओर से रेलवे स्टेशन पर विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना था। इसके तहत एयरपोर्ट और मेट्रो स्टेशन की तर्ज पर व्यवस्थित प्रवेश प्रक्रिया और सघन सुरक्षा जांच पर विशेष ध्यान दिया गया।

वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से दिल्ली जाने वाली गाड़ी संख्या 12049 गतिमान एक्सप्रेस और 12279 ताज एक्सप्रेस के यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए मुख्य प्रवेश द्वार पर दो अलग-अलग कतारें बनवाई गईं। यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से स्टेशन परिसर में प्रवेश कराया गया। इस दौरान आरपीएफ कर्मचारियों ने हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएमडी) और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से यात्रियों और उनके सामान की जांच की। भारी सामान, बड़े बैग और लगेज की जांच के लिए आरपीएफ के प्रशिक्षित श्वानों की भी मदद ली गई। इससे संदिग्ध वस्तुओं और अवांछित गतिविधियों पर नजर रखी गई।

अभियान में आरपीएफ स्टाफ के साथ कमर्शियल स्टाफ, आरपीएफ श्वान दस्ता और रेलवे स्क्वाड टीम ने आपसी समन्वय से काम किया। मुख्य प्रवेश द्वार से प्लेटफार्म तक यात्रियों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखी गई। साथ ही यात्रियों को कतार में प्रवेश करने, अपने सामान की सुरक्षा रखने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत आरपीएफ को देने के लिए जागरूक किया गया।

ऑपरेशन जीवन रक्षा में ट्रेन के नीचे गिरे यात्री को बचाया

वहीं, ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत आरपीएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन के नीचे गिरे एक यात्री की जान बचाई। घटना वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक की है। यहां से गाड़ी संख्या 11107 बुंदेलखंड एक्सप्रेस के रवाना होने के बाद ए-2 कोच से एक यात्री अचानक नीचे गिर गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन के गार्ड ने तत्काल वैक्यूम लगाकर रात 10:50 बजे ट्रेन रुकवा दी।

सूचना मिलते ही आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और यात्री को ए-2 कोच के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला। इस कार्य में डिटेक्टिंग टीम झांसी के प्रधान आरक्षक तौसीफ खान, उप निरीक्षक हरिओम सिकरवार और आरक्षक संतोष ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बाद रेलवे चिकित्सक को मौके पर बुलाया गया। चिकित्सक ने यात्री का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उसे प्राथमिक उपचार दिया। जांच में यात्री को कोई गंभीर चोट नहीं मिली।

ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में फिसला था यात्री का पैर

पूछताछ में यात्री ने अपना नाम सत्यम भटनागर, उम्र 26 वर्ष और निवासी कानपुर बताया। उसने बताया कि उसे कानपुर जाना था और ट्रेन के रवाना होने के दौरान उसमें चढ़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़ा। प्राथमिक उपचार के बाद यात्री ने अपनी इच्छा से कानपुर स्थित घर जाने की बात कही। आवश्यक समन्वय और सहायता उपलब्ध कराने के बाद उसे सुरक्षित रवाना कर दिया गया।

घटना के समय रेलवे सुरक्षा बल, वाणिज्य विभाग, परिचालन विभाग और जीआरपी के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे। जरूरी कार्रवाई पूरी करने के बाद बुंदेलखंड एक्सप्रेस को रात 10:53 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

रेलवे सुरक्षा बल की ओर से यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा के साथ आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, रेलवे स्टेशन पर एयरपोर्ट और मेट्रो की तर्ज पर व्यवस्थित सुरक्षा जांच व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Jhansi - Reportergauravkushwaha.newstrackpr@gmail.com
Next Story