TRENDING TAGS :
Jhansi News: मोटर साइकिल भिड़ीं, एक की मौत, दूसरी की हालात गंभीर
Jhansi News: झांसी में दो अलग हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक घायल की हालत गंभीर है। पुलिस ने दोनों मामलों में शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
मोटर साइकिल भिड़ीं, एक की मौत, दूसरी की हालात गंभीर (Photo- Social Media)
Jhansi News: गुरसरांय - मऊरानीपुर मार्ग पर किशोरपुरा गांव के पास हनुमान मंदिर के पास दो मोटर साइकिलें आमने-सामने भिड़ गई जिससे बाइक सवार दो सगे गंभीर रुप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक भाई की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालात गंभीर बनी हुई है। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
लहचूरा थाना क्षेत्र के ग्राम धवाकर निवासी लालाराम अपने भाई अजीत कुमार के साथ मोटर साइकिल पर सवार होकर बाइक से मऊरानीपुर से गुरसरायं जा रहे थे। किशोरपुरा गांव के पास हनुमान मंदिर के नजदीक पहुंचते ही सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों भाई सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार युवक और एक अधेड़ मौके से फरार हो गए।
घटना के समय वहां से गुजर रहे लोगों ने घायलों की मदद के लिए डायल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के मौके पर नहीं पहुंचने पर टोडीफतेहपुर पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने दोनों घायलों को पीआरवी वाहन से मऊरानीपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। डॉक्टरों द्वारा इलाज के दौरान 55 साल के लालाराम की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अजीत कुमार की हालत को देखते हुए, उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज लाया गया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में अजीत के दोनों पैर टूट गए हैं। इस हादसे से परिवार में मातम छा गया है। परिवार ने एक बेटे को खो दिया है, जबकि दूसरा गंभीर हालत में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। टोडीफतेहपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने हादसे के बाद मौके से फरार हुए दूसरी बाइक सवारों की तलाश शुरु कर दी है।
गड्ढे में डूबने से युवक की मौत
झांसी। मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में स्थित खदियन चौराहा के पास स्थित एक गड्ढे में डूबने से युवक की मौत हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रौनी निवासी वीरेंद्र कुमार बीते रोज घर से रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही परिजनों ने उसकी तलाश शुरु कर दी थी।
मंगलवार को सूचना मिली कि खदियन चौराहा के पास स्थित एक गड्ढे में युवक का शव पड़ा है। इसकी जानकारी लगते ही घर के सदस्य मौके पर पहुंच गए। मौके पर चप्पलें, तौलिया मिली है। उन्होंने शव की पहचान की। यह शव वीरेंद्र कुमार का है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को गड्ढे से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
अलग- अलग स्थानों पर पांच लोगों की मौत
झांसी। अलग- अलग स्थानों पर पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें शराब का सेवन करने से दो, विषाक्त पदार्थ का सेवन करने से दो और एक व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया।
ककरबई थाना क्षेत्र के ग्राम सिया निवासी शिवम कुमार की बीते रोज किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि शिवम ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हालात में सुधार न होने पर मेडिकल कालेज लाया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, जालौन के आटा थाना क्षेत्र में रहने वाले विनोद कुमार ने घरेलू विवादों से परेशान होकर सल्फास की गोली का सेवन कर लिया जिससे उसकी हालात बिगड़ गई। उपचार के लिए मेडिकल कालेज लाया गया। यहां उसकी मौत हो गई।
वहीं, रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम अठोंदना निवासी अभिषेक शर्मा और मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के शिवगंज मोहल्ले में रहने वाले महेंद्र कुमार ने अलग- अलग स्थानों पर शराब का सेवन कर लिया जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। उधर, गुरसरांय थाना क्षेत्र के ग्राम सरसेड़ा निवासी बाबूलाल बीते रोज सड़क हादसे में घायल हो गए। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
घर में घुसकर पीटा, धमकाया, वीडियो वायरल
झांसी। एक महिला और उसके पति से मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।
मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम स्यावरी निवासी वफातन अपने घर पर बैठी थी, तभी पड़ो के कुछ लोग वहां पहुंचे और बेवजह विवाद शुरु कर दिया। महिला का आरोप है कि उनके पति पीर बख्श के साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों ने उन्हें गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग मारपीट करते दिख रहे हैं। पीड़िता ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


