Jhansi News: रोटरी क्लब के दशहरा मेले का समापन, कैंसर जांच पर जोर दिया

Jhansi News: झांसी में रोटरी क्लब झांसी रानी और एलिट के मेले में उमड़ी भीड़, लकी ड्रॉ में मिले पुरस्कार, आय से मेडिकल कॉलेज में कैंसर जांच मशीनें उपलब्ध कराने की पहल हुई।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 25 Oct 2026 11:44 PM IST
Closing of Rotary Club Dussehra Fair, Emphasis on Cancer Research
X

रोटरी क्लब के दशहरा मेले का समापन, कैंसर जांच पर जोर दिया (Photo- Newstrack)

Jhansi News: झाँसी रोटरी क्लब झाँसी रानी एवं रोटरी क्लब एलिट द्वारा आयोजित दो दिवसीय भव्य दशहरा मेले का रविवार को उत्साह, उमंग और उल्लास के बीच शानदार समापन हुआ। मेले में झाँसीवासियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए विभिन्न स्टॉलों पर जमकर खरीदारी की, स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया तथा मनोरंजक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मेले के दौरान आयोजित लकी ड्रॉ में विजेताओं ने आकर्षक पुरस्कार जीते, जिससे आयोजन की खुशियाँ और बढ़ गईं।

समापन समारोह में जिला अधिकारी झाँसी गौरांग राठी और झाँसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए रोटरी क्लब झाँसी रानी एवं रोटरी क्लब एलिट के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई दी।


इस अवसर पर एसएसपी श्री विकास कुमार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक सौहार्द, आपसी सहयोग और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने रोटरी क्लब परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एक साथ जोड़ने के साथ-साथ जनसेवा का संदेश भी देते हैं।

उन्होंने मेले से प्राप्त आय को सामाजिक कार्यों में लगाने की पहल की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि झाँसी के अन्य सामाजिक संगठनों और संस्थाओं को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए। मनोरंजन और सामाजिक मेल-मिलाप के साथ यदि किसी आयोजन की आय जनहित में खर्च की जाए, तो उसका लाभ पूरे समाज को मिलता है। मेडिकल कॉलेज झाँसी में कैंसर जाँच के लिए मशीनें उपलब्ध कराने का यह प्रयास स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों को इस जनहितकारी सोच के लिए शुभकामनाएँ दीं।

रोटरी क्लब झाँसी रानी एवं रोटरी क्लब एलिट के पदाधिकारियों ने बताया कि मेले से प्राप्त आय का उपयोग मेडिकल कॉलेज झाँसी में कैंसर जाँच संबंधी मशीनें उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिल सकेंगी। इस प्रकार यह मेला मनोरंजन के साथ-साथ समाजसेवा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग का माध्यम बना है।

आयोजकों ने मेले को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, प्रायोजकों, स्टॉल संचालकों, पत्रकार बंधुओं, रोटरी परिवार के सदस्यों तथा समस्त झाँसीवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि झाँसीवासियों के अपार स्नेह और सहयोग से आयोजन को भव्य स्वरूप मिला है।


रोटरी क्लब परिवार ने संकल्प व्यक्त किया कि प्रत्येक वर्ष इसी प्रकार मेले का आयोजन किया जाएगा, ताकि सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ जनहित एवं स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अधिक से अधिक संसाधन जुटाए जा सकें।

इस अवसर पर रोटरी क्लब झाँसी रानी के अध्यक्ष अतुल अग्रवाल, सचिव संजीव बब्बर मेला चेयरमैन रोहित माटा, पवित्र खन्ना, निमिष खन्ना, राजेश दूबे,अरविंद मल्होत्रा,विनय शर्मा,सहित रोटरी क्लब के पदाधिकारी, सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story