TRENDING TAGS :
Jhansi News: 24 घंटे के भीतर पुलिस का बड़ा एक्शन, शिवानी होटल हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार
Jhansi News: झांसी पुलिस ने शिवानी होटल हत्याकांड में तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
Jhansi News(Photo-Social Media)
Jhansi News: उत्तर परदेस के झांसी जनपद के चर्चित शिवानी होटल हत्याकांड में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सीपरी बाजार पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों को दबोच लिया। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस की इस कार्रवाई को मामले में बड़ी सफलता माना जा रहा है। हत्या के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
सिमरधा गांव के पास हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार हत्या के मामले में वांछित चिंगारा और रघुवीर उर्फ सौरभ को सिमरधा गांव के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस टीम को जैसे ही आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली, तत्काल इलाके की घेराबंदी की गई। बताया गया कि पुलिस को सामने देखकर आरोपियों ने बचने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें चिंगारा के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
आरोपियों के पास से तमंचे और आलाकत्ल बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल बरामद किया गया। पुलिस बरामद हथियारों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि बरामद सामान जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
पुलिस की यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई। शिवानी होटल हत्याकांड को लेकर पुलिस पर जल्द खुलासा करने का दबाव था और इसी क्रम में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी को झांसी पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
आगे की विधिक कार्रवाई शुरू
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। शिवानी होटल हत्याकांड में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


