TRENDING TAGS :
Jhansi News: तीन मौतें, युवक पर हमला; 40 दिन बदलेगा रेल संचालन, टिकट जांच
Jhansi News: ट्रेन और सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत, युवक पर हमले की जांच जारी। झांसी स्टेशन पर 58 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदलेंगे, टिकट जांच में 177 केस मिले। भी दर्ज हुए।
तीन मौतें, युवक पर हमला; 40 दिन बदलेगा रेल संचालन, टिकट जांच (Photo- Social Media)
Jhansi News: अलग - अलग स्थानों पर किशोरी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें ट्रेन की चपेट में आने से किशोरी की जान चली गई, जबकि सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया।
बबीना थाना क्षेत्र के ग्राम खैलार निवासी साहिनी प्रजापति रोजाना की भांति सुबह शौच क्रिया के लिए रेलवे पटरी पार कर रही थी, तभी भोपाल से झांसी की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना बबीना थाने की पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद मृतका के परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया।
वहीं, मोंठ के ग्राम अम्बरगढ़ निवासी यासीन और जालौन के अकबरपुर निवासी जितेंद्र कुमार अलग - अलग स्थानों पर हुई सड़क हादसे में घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज लाया गया। यहां दोनों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया।
पुरानी रंजिश के चलते युवक पर हमला
झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ागांव गेट बाहर कुछ युवकों ने रंजिश के चलते युवक पर डंडा से हमला कर दिया जिससे वह घायल हो गया। युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ागांव गेट बाहर रहने वाला आकाश कुमार अपने घर के बाहर बैठा हुआ था, तभी शराब के नशे में तीन युवक आए और बेवजह गाली गलौज की। मना करने पर विपक्षियों ने जमीन पर पड़े डंडा से आकाश पर हमला कर दिया जिससे वह घायल हो गया। आकाश को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
40 दिनों तक प्लेटफार्म नंबर एक पर नहीं गुजरेगी 58 ट्रेनें
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल के अंतर्गत धौलपुर-बीना खंड में स्थित वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा, बेहतर गति और आधुनिक रेल बुनियादी ढाँचे के विकास हेतु प्लेटफॉर्म नंबर-01 पर बैलास्ट लेस ट्रैक के निर्माण का कार्य किया जा रहा है।
यह निर्माण कार्य 20 नवंबर 2026 से 29 दिसंबर 2026 तक (कुल 40 दिनों के लिए) चलेगा। इस अवधि के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-01 से गुजरने वाली 58 ट्रेनों को अन्य प्लेटफॉर्मों पर शिफ्ट किया गया है, साथ ही कुछ ट्रेनों को निरस्त, मार्ग परिवर्तित , आंशिक रूप से समाप्त/प्रारंभ, तथा री-शेड्यूल एवं रेगुलेट किया गया है।
रेलवे प्रशासन की यात्रियों से अपील
यह आधुनिकीकरण कार्य यात्रियों की भविष्य की सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा के लिए अत्यंत आवश्यक है। सभी यात्रियों से अनुरोध है कि असुविधा से बचने के लिए यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES (National Train Enquiry System) ऐप, या रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 पर अपनी ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर, मार्ग एवं समय की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
टिकट चेकिंग अभियान में 177 यात्रियों से वसूले गए 1,52,750
बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने हेतु प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निरंतर सघन टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंडल के मुरैना रेलवे स्टेशन पर विशेष किलेबंदी (फोर्ट्रेस) टिकट चेकिंग अभियान संचालित किया गया। इस विशेष जांच अभियान के परिणामस्वरूप कुल 177 प्रकरण दर्ज करते हुए 1,52,750/- का रेल राजस्व अर्जित किया गया। रेल प्रशासन सभी यात्रियों से अपील करता है कि वे असुविधा और दंड से बचने के लिए सदैव उचित एवं वैध यात्रा टिकट लेकर ही रेल यात्रा करें तथा स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में अपना सहयोग दें।


