TRENDING TAGS :
Jhansi News: चलती ट्रेनों में चोरी करने वाला गिरोह सदस्य लारा गिरफ्तार
Jhansi News: आरपीएफ ने तीन मामलों में वांछित लारा उर्फ रमजान खान को दबोचा, चोरी में इस्तेमाल होंडा एक्टिवा और हीरो मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को जेल भेजा।
चलती ट्रेनों में चोरी करने वाला गिरोह सदस्य लारा गिरफ्तार (Photo- Newstrack)
Jhansi News: झांसी। रेलवे यात्रियों एवं रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए सतर्क आरपीएफ को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। चलती ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्य एवं तीन मामलों में वांछित अभियुक्त को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त की गिरफ्तारी के साथ ही चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त दो वाहनों को भी जब्त किया गया है।
रेल सुरक्षा बल के उपनिरीक्षक अंकित कुमार एवं हमराह आरक्षक दशरथ सिंह मय स्टॉफ के साथ वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में गश्त कर रहे थे, तभी सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त सर्कुलेटिंग एरिया में खड़ा है।
इस सूचना पर गई टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। आरपीएफ के मुताबिक आदतन एवं पूर्व दोषसिद्ध अभियुक्त लारा उर्फ रमजान खान निवासी मकान नंबर 10, दादा मियां मोहल्ला, पुलिया नंबर 09, थाना प्रेमनगर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ चलती ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। अभियुक्त की निशानदेही पर घटनास्थलों की शिनाख्त कर चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा (यूपी 93एआर - 9115 ) तथा हीरो मोटरसाइकिल (यूपी 93डब्ल्यू-4947) को जब्त किया गया। अभियुक्त को तीनों मामलों में न्यायालय एसीजेएम (रेलवे), के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार झाँसी भेज दिया गया।


