TRENDING TAGS :
Jhansi News: टीटीई से मारपीट, उपकरण तोड़ने पर तीन रेल यात्री भी पकड़े
Jhansi News: ट्रेन 19435 में चेन पुलिंग की जांच के दौरान टीटीई से मारपीट और टर्मिनल क्षतिग्रस्त हुआ। जीआरपी ने तीन यात्रियों को गिरफ्तार किया, ट्रेन 54 मिनट लेट हुई।
टीटीई से मारपीट, उपकरण तोड़ने पर तीन रेल यात्री भी पकड़े (Photo- Social Media)
Jhansi News: उत्तर मध्य रेलवे, झाँसी मंडल में ट्रेन संख्या 19435 में ड्यूटी के दौरान टीटीई के साथ मारपीट एवं उनके सरकारी कार्य में प्रयुक्त हैंड हेल्ड टर्मिनल (HHT) को क्षतिग्रस्त करने की गंभीर घटना हुई। इस मामले में राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
घटनाक्रम के अनुसार, ट्रेन संख्या 19435 रात्रि 23:09 बजे रवाना हुई। इसके पश्चात कोच संख्या WR 246489 (GS) में अलार्म चेन पुलिंग (ACP) की सूचना प्राप्त हुई। ट्रेन 23:22 बजे पुनः रवाना हुई, लेकिन इसी कोच में 23:25 बजे दोबारा ACP की घटना हुई।
यात्रियों की शिकायत पर स्थिति का जायजा लेने एवं आवश्यक कार्रवाई करने के लिए जब ड्यूटी पर तैनात टीटीई श्री राम सजीवन यादव संबंधित कोच में पहुँचे, तो वहाँ मौजूद तीन यात्रियों ने उनके साथ मारपीट की तथा उनके सरकारी कार्य में प्रयुक्त हैंड हेल्ड टर्मिनल (HHT) को क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना के उपरांत GRP द्वारा कार्रवाई करते हुए तीन यात्रियों को गिरफ्तार किया गया। टीटीई को ललितपुर (LAR) स्टेशन पर बदलकर दूसरे टीटीई की ड्यूटी लगाई गई। इस प्रक्रिया के चलते ट्रेन रात्रि 00:05 बजे रवाना हुई, जिससे ट्रेन को कुल 54 मिनट का विलंब हुआ।
रेलवे प्रशासन स्पष्ट करता है कि ड्यूटी पर तैनात रेल कर्मचारियों के साथ मारपीट, अभद्रता, धमकी अथवा उनके सरकारी कार्य में बाधा डालने की घटनाओं को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रेल कर्मचारी यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुचारु रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उनके साथ हिंसक व्यवहार करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि रेल सेवाओं को भी प्रतिकूल रूप से प्रभावित करता है।
रेलवे प्रशासन सभी रेल यात्रियों से अपील करता है कि यात्रा के दौरान संयम एवं शालीनता बनाए रखें तथा रेल कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें। किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा असुविधा होने पर अधिकृत शिकायत निवारण माध्यमों का उपयोग करें। कानून अपने हाथ में लेने अथवा रेल कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने से बचें।
रेल कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान एवं संरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।


