Jhansi यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा कल से, झांसी के 28 केंद्रों पर 68,544 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम

Jhansi News : यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा कल से शुरू होगी। झांसी के 28 परीक्षा केंद्रों पर 68,544 अभ्यर्थी शामिल होंगे, सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Gaurav kushwaha
Published on: 7 Jun 2026 8:40 PM IST
Jhansi यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा कल से, झांसी के 28 केंद्रों पर 68,544 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम
X

UP Police Constable Exam 2026

Jhansi News : उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2026 सोमवार से शुरु हो रही है। यह परीक्षा तीन दिन चलेगी। इसके लिए झांसी में 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। तीन दिन होने वाली परीक्षा में 68544 अभ्यर्थी एग्जाम देंगे। छह पालियों में आयोजित होने वाली परीक्षा की प्रत्येक पाली में 11424 परीक्षार्थी पेपर देंगे। इसकी तैयारी पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने कर ली है। यही नहीं, परीक्षा केंद्र, होटलों व लॉजों पर खुफिया एजेंसी नजर रखे हुए हैं। इस एजेंसी की नजर साल्वर गैंग पर है। वहीं, रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क बनाए गए हैं।

उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर झांसी में पुलिस व प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए जिले में 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 8,9 और 10 जून को दो-दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी।

पुलिस विभाग के मुताबिक प्रत्येक पाली में 11424 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। छह पालियों में कुल 68544 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 28 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 28 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 28 केंद्र व्यवस्थापक तथा 28 पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।

रविवार को परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं एसपी सिटी प्रीति सिंह के नेतृत्व में माक ड्रिल आयोजित कर सुरक्षा, प्रवेश व्यवस्था, पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी तथा आपातकालीन प्रबंधन की तैयारियों का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा - निर्देश दिए। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने, प्रवेश पत्र एवं वैध पहचान पत्र साथ रखने तथा परीक्षा में संबंधित सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। परीक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरी तरह सतर्क है।

इतना लगेगा फोर्स

तीन दिन चलने वाली परीक्षा में 27 प्रभारी निरीक्षक, 156 उपनिरीक्षक, कांस्टेबल/ मुख्य आरक्षी 575, 187 एलपी तैनात होंगे। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के लिए बनाए गए कंट्रोल रुम में 28 उपनिरीक्षकों की तैनाती की गई है।

अभ्यर्थियों के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन

उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2026 में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की भारी संख्या और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन (झांसी मंडल) द्वारा 8, 9 एवं 10 जून 2026 को विशेष प्रबंध किए गए हैं। अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन के लिए झांसी मंडल से परीक्षा हेतु विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।

परीक्षा हेतु विशेष ट्रेनों का संचालन

एग्जाम स्पेशल ट्रेन (वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी/ललितपुर से कानपुर/प्रयागराज): परीक्षा के तीनों दिन (08, 09 और 10 जून 2026) अभ्यर्थियों की वापसी और जाने के लिए वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी (VGLJ) / ललितपुर (LAR) से कानपुर (CNB) / प्रयागराज (PRYJ) के मध्य 02 इनकमिंग एग्जाम स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। समय: यह गाड़ियां दोपहर लगभग 14:30 बजे एवं शाम 18:30 बजे के आसपास उचित ठहरावों के साथ संचालित होंगी।अतिरिक्त व्यवस्था: अभ्यर्थियों की अत्यधिक भीड़ को क्लीयर करने के लिए वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर 02 अतिरिक्त अनारक्षित एग्जाम स्पेशल रैक की भी व्यवस्था की गई है, जिन्हें आवश्यकतानुसार चलाया जाएगा।

ट्रेनों के समय में परिवर्तन

परीक्षा के दिनों में अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए झांसी मंडल की निम्नलिखित दो ट्रेनों के प्रस्थान समय को आवश्यकतानुसार री-शेड्यूल (परिवर्तित) किया गया है। गाड़ी संख्या 64613 (वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी- बांदा) मेमू: वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से प्रस्थान का परिवर्तित समय दोपहर 13:30 बजे रहेगा। गाड़ी संख्या 64611 (वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी- ललितपुर) मेमू: वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से प्रस्थान का परिवर्तित समय शाम 18:25 बजे रहेगा।

Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Next Story