बमनुआं प्रधान पति के जमीन बैनामे में लाखों का खेल! 6.33 लाख की स्टाम्प चोरी का आरोप

Jhansi News: झांसी के बमनुआं में ग्राम प्रधान पति के जमीन बैनामे में 6.33 लाख की कथित स्टाम्प चोरी का आरोप लगा है। शिकायत के बाद उपनिबंधक कार्यालय की भूमिका भी जांच के घेरे में है।

Gaurav kushwaha
Published on: 26 Nov 2026 9:28 PM IST
बमनुआं प्रधान पति के जमीन बैनामे में लाखों का खेल! 6.33 लाख की स्टाम्प चोरी का आरोप
X

Jhansi News: टहरौली थाना क्षेत्र के बमनुआं ग्राम प्रधान के पति की जमीन खरीद में कथित स्टाम्प चोरी का मामला सामने आया है। जमीन की वास्तविक बाजार कीमत और प्रकृति कम दर्शाकर बैनामा कराने से शासन को 6.33 लाख के राजस्व नुकसान की आशंका जताई गई है। बमनुआं निवासी चन्द्रशेखर पुत्र विशम्भर दयाल ने उपनिबंधक टहरौली से शिकायत कर जांच की मांग की है। शिकायत की प्रतियां जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को भी भेजी गई हैं।

शिकायत के मुताबिक, रवि शंकर ने गाटा संख्या 1080 में से 0.1900 हेक्टेयर भूमि का बैनामा 17 नवंबर 2026 को कराया। पंजीकृत बैनामा संख्या 7458 में 4,03,500 स्टाम्प शुल्क और 80,670 पंजीकरण शुल्क जमा किया गया। जबकि शिकायतकर्ता के अनुसार देय शुल्क क्रमशः 9,31,000 और 1,86,200 होना चाहिए था। इस आधार पर 5,27,500 स्टाम्प शुल्क और 1,05,530 पंजीकरण शुल्क की कमी, कुल 6,33,030 की राजस्व क्षति का आरोप लगाया गया है।

शिकायत में गाटा संख्या 1080 के पूर्ववर्ती बैनामों, भूखंडों में विभाजन, पहुंच मार्ग और विकसित हो रहे क्षेत्र को देखते हुए भूमि का वास्तविक बाजार मूल्य निर्धारित कराने की मांग की गई है। साथ ही उपनिबंधक कार्यालय की मूल मूल्यांकन पत्रावली तलब कर यह जांचने को कहा गया है कि जमीन की प्रकृति और बाजार मूल्य का सही आकलन किए बिना रजिस्ट्री कैसे पंजीकृत हुई।

बमनुआँ प्रधान पति के जमीन सौदे में कथित राजस्व चोरी का मामला अब सीधे उपनिबंधक कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। शिकायतकर्ता ने धारा 47-क के तहत कम पड़े शुल्क की वसूली, अर्थदंड और ब्याज सहित जिम्मेदार अधिकारियों एवं लाभार्थियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

सरकारी धन वसूली की होगी कार्रवाईः उपनिबन्धक

उप निबन्धक तहसील टहरौली, अमित कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि रवि शंकर द्वारा की गयी स्टाम्प चोरी का मामला प्रकाश में आया है। उन्होंने कहा क्रेता, रवि शंकर द्वारा भारी स्टाम्प ड्यूटी में चोरी की गयी है जिसकी विस्तृत रिपोर्ट बना कर, उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। शीघ्र ही दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोरता कार्यवाही करवा कर, सरकारी धन की वसूली करवायी जायेगी।

Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Jhansi - Reportergauravkushwaha.newstrackpr@gmail.com
Next Story