TRENDING TAGS :
Jhansi News: बढ़ती विकृतियों से टूट रहे परिवार, सुंदर समाज के लिए सुंदर भाव जरूरी: अनिल श्रीवास्तव
झांसी के पूंछ में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में आरएसएस नेता अनिल श्रीवास्तव ने समाज में बढ़ती विकृतियों पर चिंता जताई और परिवार व संस्कृति को सहेजने का आह्वान किया।
Jhansi News(Photo-Social Media)
Jhansi News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-क्षेत्र कार्यवाह (पूर्वी उत्तर प्रदेश) अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि समाज में व्याप्त विकृतियों के कारण आज परिवार टूटते जा रहे हैं। एक सुंदर और संगठित समाज के निर्माण के लिए व्यक्ति के भीतर सुंदर भावों का होना नितांत आवश्यक है। यह विचार उन्होंने पूंछ क्षेत्र में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि आज समाज के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि परिवार कैसे सुसज्जित, सुंदर और संगठित बने रहें। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों को उतारना होगा। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कभी ‘सोने की चिड़िया’ कहलाने वाले भारत में आज सामाजिक विकृतियां बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में प्रत्येक देशवासी को अपनी पहचान फिर से मजबूत करने के लिए अपने स्वभाव में उदारता और सकारात्मक परिवर्तन लाने की आवश्यकता है।
अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि जिस देश की संस्कृति धरती माता, तुलसी माता, गौ माता और वसुधैव कुटुंबकम की भावना पर आधारित रही है, वहां आज पारिवारिक व्यवस्था एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। पहले परिवार, कुटुंब, वंश और पूरा गांव एक परिवार की तरह रहता था, लेकिन सामाजिक विकृतियों और कुरीतियों के कारण यह व्यवस्था कमजोर होती चली गई।
उन्होंने कहा कि शिवाजी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और रानी लक्ष्मीबाई जैसे महापुरुषों के इस स्वतंत्र भारत में हर व्यक्ति को यह तय करना होगा कि उसे अपना जीवन किस दिशा में ले जाना है। अपनी प्राचीन संस्कृति को पुनः स्थापित करने के लिए प्रत्येक हिंदू को संकल्प लेना होगा कि वह सामाजिक विकृतियों और कुरीतियों से मुक्ति पाकर अपने परिवार, समाज और देश को सुंदर, स्वच्छ और संगठित बनाएगा। उन्होंने पॉलिथीन के उपयोग को समाज और पर्यावरण के लिए घातक बताते हुए इसके बहिष्कार का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला प्रचारक चंदन, उमाकांत, शिशुपाल, भाजपा जिला महामंत्री छत्रपाल सिंह राजपूत, भाजपा मंडल अध्यक्ष पूंछ गुरदीप सिंह गुर्जर, पंडित जयराम तिवारी, जिला पंचायत सदस्य बालकिशन वरार, आनंद कुमारी, अजय शुक्ल (अज्जू), साकेत गुप्ता, राहुल बनिया, यगेश यादव सहित सैकड़ों महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।


