Jhansi News: एड्स की भ्रांतियां दूर करने में युवा निभा सकते हैं अहम भूमिका

Jhansi News: बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय में विश्व एड्स दिवस पर चित्रकला और पोस्टर प्रतियोगिता हुई, 75 से अधिक विद्यार्थियों ने जागरूकता और भेदभाव रहित व्यवहार का संदेश दिया।

Gaurav Kushwaha
Published on: 28 Nov 2026 8:11 PM IST
Youth can play an important role in removing the stigma of AIDS
X

एड्स की भ्रांतियां दूर करने में युवा निभा सकते हैं अहम भूमिका (Photo- Social Media)

Jhansi News: विश्व एड्स दिवस के अवसर पर एचआईवी/एड्स के प्रति लोगों को जागरूक करने और इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय में चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। रेड रिबन क्लब और राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में ललित कला संस्थान तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त संयोजन में हुए इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के 75 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का विषय ‘एंडिंग एड्स स्टार्ट्स विद एक्सेस’ यानी एड्स का अंत सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता से शुरू होता है रखा गया।

ललित कला संस्थान में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से एचआईवी/एड्स से बचाव, जागरूकता, उपचार, सामाजिक स्वीकार्यता और भेदभाव रहित व्यवहार का संदेश दिया। चित्रों और पोस्टरों में सही जानकारी, समय पर जांच, सुरक्षित व्यवहार और स्वास्थ्य सेवाओं तक सहज पहुंच के महत्व को दिखाया गया। साथ ही एचआईवी संक्रमित लोगों के प्रति संवेदनशीलता, समानता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील की गई।

सही जानकारी से दूर होंगी सामाजिक भ्रांतियां

इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की नोडल अधिकारी डॉ. श्वेता पाण्डेय ने कहा कि एड्स से बचाव के लिए जागरूकता और सही जानकारी बेहद जरूरी है। समाज में आज भी एचआईवी/एड्स को लेकर कई गलत धारणाएं फैली हुई हैं। कई लोग वैज्ञानिक जानकारी के बिना इन्हें सच मान लेते हैं और संक्रमित व्यक्तियों के साथ भेदभाव करने लगते हैं। उन्होंने कहा कि संक्रमित लोगों को अलग-थलग करना या उन्हें हेय दृष्टि से देखना उचित नहीं है। ऐसे लोगों को उपेक्षा नहीं, बल्कि सम्मान, सहयोग और उपचार की जरूरत होती है। जागरूकता, समय पर जांच, चिकित्सकीय परामर्श और उचित उपचार का विशेष महत्व है।

डॉ. पाण्डेय ने विद्यार्थियों से वैज्ञानिक और प्रमाणिक जानकारी हासिल कर समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा सामाजिक बदलाव का सशक्त माध्यम हैं और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक यह संदेश जन-जन तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कला केवल सौंदर्य और अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना जगाने का प्रभावी तरीका है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना विकसित करते हैं।

एक दिसंबर को लगेगी कलाकृतियों की प्रदर्शनी

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी अपने विचार रखे और समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने तथा संक्रमित लोगों के साथ समानता का व्यवहार करने पर जोर दिया। उन्होंने संदेश दिया कि एड्स के खिलाफ लड़ाई में चिकित्सा व्यवस्था के साथ सामाजिक जागरूकता और सामूहिक भागीदारी भी जरूरी है।

इस मौके पर ललित कला संस्थान के डॉ. अजय कुमार गुप्ता, गोविंद यादव, डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. बृजेश कुमार, गजेंद्र सिंह, डॉ. अंकिता शर्मा, डॉ. रानी शर्मा और डॉ. संतोष कुमार मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों की रचनात्मक भागीदारी की सराहना की।

आगामी एक दिसंबर को विश्व एड्स दिवस पर ललित कला संस्थान में प्रतियोगिता के दौरान तैयार की गई कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें विद्यार्थियों के चित्र और पोस्टर प्रदर्शित किए जाएंगे। इस दौरान प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे।

Gaurav Kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav Kushwaha

वरिष्ठ संवाददाता, झाँसीgauravkushwaha@newstrack.com@gmail.com
Next Story