TRENDING TAGS :
Kannauj News: कन्नौज में गंगा उत्सव को लेकर मेहंदी घाट पर स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन
Kannauj News: कन्नौज में गंगा उत्सव-2026 के तहत मेहंदी घाट पर स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं ने चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से गंगा संरक्षण और पर्यावरण स्वच्छता का संदेश दिया।
Kannauj News
Kannauj News: जनपद में गंगा नदी के संरक्षण, स्वच्छता, निर्मलता एवं अविरलता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला गंगा समिति, कन्नौज के तत्वावधान में गंगा उत्सव-2026 के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस क्रम में जनपद के मेहंदी घाट पर स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने घाट परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा गंगा नदी को स्वच्छ, निर्मल एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को गंगा के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय महत्व से अवगत कराते हुए नदी संरक्षण में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।इसी क्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं के बीच चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी रचनात्मक कलाकृतियों के माध्यम से गंगा संरक्षण, नदी की स्वच्छता, पर्यावरण संतुलन एवं जल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में गंगा के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।इन कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि मां गंगा की स्वच्छता, निर्मलता एवं अविरलता बनाए रखना केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही गंगा को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाया जा सकता है।आइए, गंगा की अविरल धारा और निर्मल जल को बनाए रखने के लिए संकल्पित हों तथा स्वच्छ गंगा, स्वस्थ पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।


