TRENDING TAGS :
Kannauj: कन्नौज में प्रेम विवाह की जिद पर बिजली टावर पर चढ़ी किशोरी, प्रेमी को बुलाने पर नीचे उतरी
Kannauj News: कन्नौज के छिबरामऊ क्षेत्र में प्रेम विवाह की जिद पर एक किशोरी 33 हजार वोल्ट के बिजली टावर पर चढ़ गई। करीब दो घंटे चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने प्रेमी को बुलाकर किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारा।
Kannauj News
Kannauj News: जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के खुडावा गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 16 वर्षीय किशोरी प्रेम प्रसंग के चलते करीब 100 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ गई। किशोरी गैर बिरादरी के युवक से शादी करने की जिद पर अड़ी थी और परिजनों की असहमति से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, खुडावा गांव निवासी किशोरी का अकबरपुर निवासी विवेक कश्यप से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बुधवार को परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया और दूसरी जगह शादी करने की बात कही। इससे नाराज होकर किशोरी घर से निकल गई और हाईवे किनारे स्थित 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गई।बताया जा रहा है कि टावर पर चढ़ने से पहले किशोरी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो भी अपलोड किया था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
करीब दो घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस और ग्रामीणों की सांसें अटकी रहीं। मौके पर पहुंचे सिकंदरपुर चौकी इंचार्ज गजेंद्र पाल ने किशोरी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने प्रेमी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी रही।स्थिति को गंभीर होता देख पुलिस ने युवक विवेक कश्यप को मौके पर बुलवाया। प्रेमी के पहुंचने और शादी का आश्वासन मिलने के बाद किशोरी सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली।पुलिस ने किशोरी को समझा-बुझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद इलाके में पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा।


