Kannauj News: मंत्री असीम अरुण ने किया श्रमदान, बच्चों की चित्रकला प्रदर्शनी में बढ़ाया उत्साह

Kannauj News: कन्नौज में सेवा संकल्प अभियान के तहत मंत्री असीम अरुण ने महादेवी घाट अंत्येष्टि स्थल पर श्रमदान किया। इसके बाद उन्होंने बच्चों की चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया।

Pankaj Srivastava
Published on: 30 Sept 2026 7:54 PM IST
Kannauj News: मंत्री असीम अरुण ने किया श्रमदान, बच्चों की चित्रकला प्रदर्शनी में बढ़ाया उत्साह
X

Kannauj News

Kannauj News: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कन्नौज पहुंचे समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने महादेवी घाट स्थित अंत्येष्टि स्थल पर विशेष स्वच्छता अभियान में शामिल होकर श्रमदान किया। मंत्री ने स्वयं सफाई करते हुए लोगों से सार्वजनिक और पवित्र स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की।

इस दौरान मंत्री असीम अरुण ने कहा कि जनभावनाओं और जनआकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए कुछ समय पूर्व महादेवी घाट स्थित अंत्येष्टि स्थल के सुंदरीकरण और विकास का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में यहां बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के साथ पर्यावरण-अनुकूल व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अंत्येष्टि स्थल पर विशेष प्लेटफॉर्म तैयार कराए जा रहे हैं, जिनमें लोहे की जालियां लगाई जाएंगी। इस आधुनिक व्यवस्था से अंत्येष्टि के दौरान लकड़ी की खपत कम करने में मदद मिलेगी। इससे लोगों को सुविधा मिलने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी सहयोग मिलेगा।

मंत्री ने कहा कि अंत्येष्टि स्थल के निर्माण और सुंदरीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है और इसे जल्द पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने आसपास के सार्वजनिक एवं पवित्र स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा बनें। इसके बाद मंत्री असीम अरुण कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत आयोजित बच्चों की चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों को देखा और उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। मंत्री ने बच्चों से बातचीत कर उनके चित्रों के विषय और उनके सपनों के बारे में भी जानकारी ली।

Pankaj Srivastava
ABOUT THE AUTHOR

Pankaj Srivastava

वरिष्ठ संवाददाता, कन्नौजpankajsrivastava@newstracksite.vocalwire.com

उत्तर प्रदेश की इत्र और इतिहास की नगरी कन्नौज जनपद का रहने वाला हूँ, न्यूज कंटेंट राइटर/एडिटर पर 23 साल का विशेष अनुभव है। कई बड़ी न्यूज संस्थाओं से जुड़कर काम किया है और मौजूदा समय मे भी कर रहा हूँ। मास कम्युनिकेशन की डिग्री पत्रकारिता से एम ए

Next Story