TRENDING TAGS :
Kannauj News: कोतवाली के पास अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, कांग्रेस नेता पर आरोप, फैली सनसनी
Kannauj News: कन्नौज में कोतवाली से चंद कदम दूर अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की गोली मारकर हत्या, कांग्रेस नेता पर आरोप। विधायक अर्चना पांडेय ने मांगी सख्त कार्रवाई।
Kannauj Chhibramau Lawyer Murder Case
Kannauj News: कन्नौज के छिबरामऊ नगर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित ने किसी विवाद के चलते अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी को निशाना बनाया। अधिवक्ता को चार गोलियां लगने की बात सामने आई है। गंभीर हालत में परिजन उन्हें सौ शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। वहीं भाजपा विधायक अर्चना पांडेय ने भी अस्पताल पहुंचकर पुलिस अधीक्षक से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
दरअसल पूरा मामला छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कदीर वाली गली, इब्राहिमगंज का है। जानकारी के मुताबिक, इब्राहिमगंज निवासी कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित पर आरोप है कि उन्होंने देर शाम करीब छह बजे सुभाष नगर निवासी अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी को गोली मार दी। गोली लगने से अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें नगला दिलू स्थित सौ शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
अधिवक्ता की हत्या की सूचना मिलते ही छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे, क्षेत्राधिकारी मयंक मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। वहीं कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दी गई।बताया जा रहा है कि मृतक अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी भाजपा विधायक अर्चना पांडेय के रिश्ते में भतीजे लगते थे। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक अर्चना पांडेय अपने पति राजेश पांडेय के साथ अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार से आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। कोतवाली के इतने करीब हुई इस सनसनीखेज हत्या ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपी के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।


