Kannauj: विधान परिषद नेता प्रतिपक्ष ने उर्स कार्यक्रम में उठाए महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा के मुद्दे

Kannauj News: कन्नौज में उर्स कार्यक्रम में शामिल होकर विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को बड़ा चुनावी मुद्दा बताया। उन्होंने सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया।

Pankaj Srivastava
Published on: 12 Jun 2026 8:25 PM IST
Kannauj: विधान परिषद नेता प्रतिपक्ष ने उर्स कार्यक्रम में उठाए महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा के मुद्दे
X

Kannauj News

Kannauj News: कन्नौज में विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने कन्नौज पहुंचकर उर्स कार्यक्रम में शिरकत की और भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया। सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान होना चाहिए तथा धर्म के नाम पर मतभेद पैदा करना देशहित में नहीं है।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और बदहाल शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर मतदान करेगी। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं और शिक्षकों की भर्ती परीक्षाओं में हो रही देरी का उल्लेख करते हुए सरकार पर निशाना साधा। उनका आरोप था कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में विफल रही है।शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि पहले विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं के लिए अलग-अलग बोर्ड होते थे, तब भी परीक्षाएं समय पर नहीं हो पाती थीं। अब सभी आयोगों के लिए एक बोर्ड बना दिया गया है, लेकिन तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी नियमित भर्ती परीक्षाएं नहीं हो सकी हैं। ऐसे में शिक्षकों की भर्ती कैसे होगी, यह एक बड़ा प्रश्न बन गया है। सरकार शिक्षा के नाम पर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है, जिससे युवाओं को न तो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल पा रही है और न ही रोजगार के पर्याप्त अवसर।

बसपा पर हमला बोलते हुए यादव ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी भाजपा की “बी-टीम” की तरह काम कर रही है। वहीं अदिति यादव प्रकरण पर उन्होंने कहा कि राजनीति का स्तर लगातार गिर रहा है और सार्वजनिक जीवन में व्यक्तिगत टिप्पणियों से बचना चाहिए। राजनीति नीतियों और विचारों की लड़ाई होनी चाहिए।पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने 2027 में समाजवादी पार्टी की स्थिति पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस जैसी होने की बात कही थी, लाल बिहारी यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता का रुझान समाजवादी पार्टी के पक्ष में स्पष्ट रूप से दिखाई दे चुका है और आगामी विधानसभा चुनाव में भी यही जनादेश दोहराया जाएगा।

इस अवसर पर सपा प्रदेश उपाध्यक्ष मौलाना इरफानुल हक कादरी, जिलाध्यक्ष कलीम खान, सपा मुख्य प्रवक्ता विजय द्विवेदी, सैयुस प्रदेश हसीब हसन, आकाश शाक्य, आरिफ जमा, आनंद बाबू यादव, कासिम खान, नयाब अहमद, विवेक पाल, रोहित यादव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Pankaj Srivastava
ABOUT THE AUTHOR

Pankaj Srivastava

उत्तर प्रदेश की इत्र और इतिहास की नगरी कन्नौज जनपद का रहने वाला हूँ, न्यूज कंटेंट राइटर/एडिटर पर 23 साल का विशेष अनुभव है। कई बड़ी न्यूज संस्थाओं से जुड़कर काम किया है और मौजूदा समय मे भी कर रहा हूँ। मास कम्युनिकेशन की डिग्री पत्रकारिता से एम ए

Next Story