TRENDING TAGS :
Kannauj Road Accident: लापता मामा को खोजने निकले, रास्ते में आ गई मौत, तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से पलटा ट्रैक्टर
Kannauj Road Accident: कन्नौज में लापता मामा को खोजने निकले युवक की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रैक्टर पलट गया, हादसे में तीन लोगों की जान चली गई जबकि एक युवक गंभीर घायल है।
Kannauj Road Accident
Kannauj Road Accident: कन्नौज जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। अपने लापता मामा को खोजने निकले युवक को क्या पता था कि रास्ते में ही मौत उसका इंतजार कर रही है। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसकी चपेट में आकर युवक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
मामा की तलाश में निकला था युवक
परिजनों के मुताबिक राधा मोहन के मामा खुशीराम पुत्र बट्टा निवासी ग्राम जेमा अटारे गुरसहायगंज एक दिन पहले से घर से लापता थे। खुशीराम की तलाश में राधा मोहन सिकंदरपुर की तरफ निकले थे। बताया जा रहा है कि मामा को खोजने के बाद वह वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह भीषण हादसा हो गया।
अज्ञात वाहन की टक्कर से अनियंत्रित हुआ ट्रैक्टर
हादसा छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर चौकी इलाके के सलेमपुर बुद्ध विहार के सामने हुआ। बताया गया कि लखनऊ से अलीगढ़ जा रहा एक ट्रैक्टर पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से अनियंत्रित हो गया। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर सड़क किनारे चल रही बाइक से जा टकराया और पलट गया।
ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर में सवार दो अन्य लोगों ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बारिश के कारण लौट रहे थे मजदूर
जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर सवार लोग लखनऊ के गंगागंज स्थित सावित्री रवि बाबू ईंट भट्टे पर मजदूरी का काम करते थे। बारिश होने की वजह से भट्टा बंद हो गया था, इसलिए सभी लोग अपने गृह जनपद अलीगढ़ वापस लौट रहे थे। तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को छिबरामऊ के 100 सैय्या अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने ऋतिक पुत्र अर्जुन दिवाकर निवासी नगला किशोर थाना इगलास जिला अलीगढ़, विष्णु पुत्र भक्तु सिंह निवासी हैबतपुर थाना इगलास जिला अलीगढ़ और एक अज्ञात युवक को मृत घोषित कर दिया।
वहीं एक अन्य युवक की हालत गंभीर होने पर उसे तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बेटे के साथ काम करता था पिता
मृतक ऋतिक के पिता अर्जुन ने बताया कि वह अपने बेटे और गांव के युवक विष्णु के साथ ट्रैक्टर से ईंट ढोने का काम करते थे। बारिश के कारण काम बंद होने पर सभी लोग घर लौट रहे थे। तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार टैंकर ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी और पूरा ट्रैक्टर पलट गया।
अर्जुन ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस सभी को अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उनके बेटे ऋतिक और विष्णु को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में मारे गए एक अन्य युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी
हादसे के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।


