Kannauj News: 30 हजार के लिए सर्राफा व्यापारी की पत्नी की हत्या, ड्राइवर मुठभेड़ में गिरफ्तार

Kannauj News: कन्नौज में 30 हजार रुपये के विवाद में सर्राफा व्यापारी की पत्नी की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

Rekha Pankaj
Published on: 28 May 2026 1:11 PM IST
Kannauj News
X

Kannauj News(Photo-Social Media)

Kannauj News: जिले में महज 30 हजार रुपये के विवाद में सर्राफा व्यापारी की पत्नी की दिनदहाड़े हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार हत्यारोपी मृतका के पति का पूर्व ड्राइवर बताया जा रहा है। यह घटना छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के बनवारी नगर की है, जहां सर्राफा व्यापारी राजीव वर्मा का परिवार रहता है। मंगलवार को राजीव वर्मा अपने बेटे के साथ दुकान पर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी मंजू वर्मा घर पर अकेली थीं।

इसी दौरान उनका पुराना ड्राइवर शालू उर्फ शल्लू घर पहुंचा। पहचान होने के कारण मंजू वर्मा ने उसे अंदर बैठाया और बातचीत करने लगीं। बातचीत के दौरान आरोपी ने अपने ऊपर कर्ज होने का हवाला देते हुए 30 हजार रुपये की मांग की। जब मंजू वर्मा ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद वह उनके जेवरात लेकर फरार हो गया।

घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध व्यक्ति लाल मोटरसाइकिल के साथ दिखाई दिया। इसी आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया। गुरुवार सुबह मुखबिर की सूचना पर छिबरामऊ-फर्रुखाबाद रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास थाना छिबरामऊ पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से आरोपी घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया सामान बरामद किया, जिसमें 6 अंगूठियां, एक अंगूठी का छल्ला, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी टॉप्स, एक जंजीर, एक मोटरसाइकिल, एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद शामिल हैं।

आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा

पुलिस पूछताछ में आरोपी शालू उर्फ शल्लू ने बताया कि वह राजीव वर्मा की गाड़ी लगभग तीन साल तक चला चुका था, इसलिए उसे घर की पूरी जानकारी थी। उसने बताया कि उस पर 6–7 लाख रुपये का कर्ज था और वह आर्थिक तंगी से परेशान था। आरोपी के अनुसार, 25 मई 2026 को वह दोपहर करीब 1:40 बजे घर पहुंचा और लगभग दो घंटे तक घरेलू बातचीत की। इसके बाद उसने 30 हजार रुपये की मांग की, लेकिन इनकार मिलने पर उसने हमला कर दिया और जेवरात लूटकर फरार हो गया।

Anjali Soni

Anjali Soni

News Publisher Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story