Kanpur Dehat में 51 जोड़ों का सामूहिक विवाह, केशव मौर्य ने दिया आशीर्वाद

Kanpur Dehat News: मूसानगर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 51 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- बेटियों की पढ़ाई से शादी तक सरकार साथ।

Manoj Singh
Published on: 24 Nov 2026 6:57 PM IST
Mass marriage of 51 couples in Kanpur Dehat, blessing given by Keshav Maurya
X

Kanpur Dehat में 51 जोड़ों का सामूहिक विवाह, केशव मौर्य ने दिया आशीर्वाद (Photo- Newstrack)

Kanpur Dehat News: कानपुर देहात के मूसानगर स्थित अखंड परमधाम आश्रम में 34वें भक्ति योग वेदांत संत सम्मेलन और श्रीमद्भागवत कथा के अवसर पर भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने समारोह में विवाह बंधन में बंधे 51 नवविवाहित जोड़ों को सुखद, समृद्ध और मंगलमय वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय और मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बेटियों की पढ़ाई से शादी तक की जिम्मेदारी उठा रही सरकार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार गरीब परिवारों के साथ हर कदम पर खड़ी है। पहले गरीब परिवारों को अपनी बेटियों की पढ़ाई और शादी की चिंता सताती थी, लेकिन अब मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना ने उनकी इन चिंताओं को काफी हद तक दूर किया है। सरकार बेटियों की शिक्षा से लेकर उनके विवाह तक की जिम्मेदारी उठा रही है। इससे गरीब परिवारों की बेटियां भी पूरे सम्मान के साथ अपने नए जीवन की शुरुआत कर रही हैं।

जनकल्याणकारी योजनाओं का हर वर्ग को मिल रहा लाभ

उपमुख्यमंत्री ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनका लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जा रहा है। जल जीवन मिशन के तहत लोगों के घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का काम किया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को मुफ्त और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। वहीं, मुफ्त राशन वितरण योजना से गरीब परिवारों को राहत मिल रही है।


उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। इन सभी योजनाओं और सरकार की नीतियों के परिणामस्वरूप देश की बड़ी आबादी गरीबी रेखा से बाहर आई है।

विकसित कानपुर देहात बनाने का संकल्प

केशव प्रसाद मौर्य ने सामाजिक समरसता और समानता का संदेश देते हुए कहा कि बेटी-बेटी एक समान है, चाहे वह किसी भी वर्ग या धर्म से संबंध रखती हो। उन्होंने कहा कि विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित कानपुर देहात और विकसित मूसानगर का निर्माण सरकार का मुख्य संकल्प है।

कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय और मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। सामूहिक विवाह समारोह के इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने 51 नवविवाहित जोड़ों को नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।

Manoj Singh
ABOUT THE AUTHOR

Manoj Singh

वरिष्ठ संवाददाता, कानपुर देहातkanpurdehatmanojsingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story