Kanpur Dehat अशोक लीलैंड सर्विस सेंटर में बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर वेल्डर की मौत

Kanpur Dehat News: कानपुर देहात के अशोक लीलैंड सर्विस सेंटर में टीन शेड बिछाते समय 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से वेल्डर की मौत, साथी गंभीर रूप से झुलसा।

Manoj Singh
Published on: 6 Aug 2026 8:41 AM IST
Kanpur Dehat अशोक लीलैंड सर्विस सेंटर में बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर वेल्डर की मौत
X

Kanpur Dehat News

Kanpur Dehat News: रनिया थाना क्षेत्र के खानचंद्रपुर स्थित अशोक लीलैंड सर्विस सेंटर में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। वर्कशॉप में टीन शेड बिछाने के दौरान 11 केवी की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 26 वर्षीय वेल्डर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे बचाने की कोशिश में उसका साथी भी गंभीर रूप से झुलस गया।

​लोहे का एंगल उठाते समय हुआ हादसा

​जानकारी के अनुसार, बिलसरायां निवासी सूरज (26) अपने रिश्ते के बाबा व हेल्पर अमन उर्फ भैरव (45) पुत्र रामप्रकाश के साथ सर्विस सेंटर में वेल्डिंग और टीन शेड बिछाने का काम कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शी राजकुमार यादव ने बताया कि ग्रीस लगा लोहे का एंगल उठाते समय वह ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन से छू गया, जिससे सूरज को जोरदार झटका लगा।

साथी को बचाने में दूसरा कारीगर भी झुलसा

​सूरज को करंट की चपेट में आते देख साथी भैरव तुरंत उसे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के तुरंत बाद सेंटर के कर्मचारियों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सूरज को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल भैरव का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

​परिसर के ऊपर नीची लटकती तारें बनीं काल

​स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परिसर के ठीक ऊपर से बेहद नीची होकर गुजर रही हाईटेंशन लाइन ही इस हादसे की मुख्य वजह बनी। इस जानलेवा अनदेखी के कारण एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। मृतक सूरज अपने पीछे पत्नी रोशनी तथा दो छोटे मासूम बच्चों—सूर्या (3 वर्ष) और गोपाल (2 वर्ष) को छोड़ गया है।

​पुलिस की कार्रवाई

​मामले की जानकारी देते हुए रनिया थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों द्वारा तहरीर मिलते ही मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Manoj Singh
ABOUT THE AUTHOR

Manoj Singh

वरिष्ठ संवाददाता, कानपुर देहातkanpurdehatmanojsingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story