Kanpur Dehat News: मिलावटखोरों पर बड़ी गाज, मसाला फैक्ट्रियों पर बड़ी छापेमारी, मिलावटी मसाला सीज

​Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मसाला फैक्ट्रियों पर बड़ी छापेमारी कर मिलावटी मसालों का भंडाफोड़ किया। भारी मात्रा में संदिग्ध और मिलावटी मसाला जब्त कर जांच शुरू की गई है।

Sharad Awasthi
Published on: 12 Jun 2026 1:11 PM IST
Kanpur Dehat News
X

Kanpur Dehat News(Photo-Social Media)

Kanpur Dehat News: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जनपद में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश और उत्तर प्रदेश खाद्य विभाग के आयुक्त के आदेश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमों ने दो बड़ी मसाला फैक्ट्रियों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान टीम ने कुल 10 नमूने (सैंपल्स) संग्रहित किए और करीब 14 लाख रुपये की कीमत का 66 क्विंटल मिलावटी सब्जी मसाला पाउडर सीज कर दिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से जिले के मिलावटखोरों और मसाला निर्माताओं में हड़कंप मच गया है।

जैनपुर की वोल्वराइन फूड्स में छापा

​सहायक आयुक्त खाद्य राम अवतार सिंह के नेतृत्व में गठित सचल दल ने जैनपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित मसाला निर्माण इकाई 'Wolverine foods pvt. Ltd.' पर औचक छापेमारी की। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रदीप पटेल, दिनेश चंद्र और राम बिहारी शामिल रहे। ​यहाँ टीम को भारी मात्रा में मिलावटी मसाले तैयार होने की आशंका मिली, जिसके बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए ​मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, तेजपत्ता पाउडर और गरम मसाले सहित कुल 8 नमूने जांच के लिए लिए गए। ​मौके पर मौजूद लगभग 66 क्विंटल मिर्च, धनिया, हल्दी और तेजपत्ता पाउडर को तुरंत सीज कर दिया गया।

​सीज किए गए इस माल की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई जा रही है। किचन के मसालों के खिलाफ जनपद में यह अब तक की सबसे बड़ी सीजर (Seizure) कार्रवाई है।

रनियां की अचिता इंडस्ट्रीज से लिए गए नमूने

​वहीं, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वी.के. पाण्डेय के नेतृत्व में सक्रिय दूसरी टीम ने रनियां औद्योगिक क्षेत्र स्थित 'अचिता इंडस्ट्रीज प्रा. लिमिटेड' पर छापेमारी की। यहाँ से टीम ने बारीकी से निरीक्षण करते हुए मसालों के 2 नमूने संग्रहित किए और उन्हें जांच के लिए लैब भेजा है।

अधिकारियों के कड़ी तेवर

वहीं सहायक आयुक्त खाद्य राम अवतार सिंह ने कहा कि, ​"मिलावटखोरी के मामले में किसी भी दशा में किसी को बख्शा नहीं जाएगा। जनता की सेहत सर्वोपरि है और विभाग का यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।"

वहीं जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि, ​"लोगों की सेहत बिगाड़ने वाले और चंद मुनाफे के लिए मिलावट का काला कारोबार करने वालों के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्ती बरतेगा। ऐसी फैक्ट्रियों पर आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।"

​फैक्ट्रियों में मचा हड़कंप

वहीं ​प्रशासन की इस संयुक्त और ताबड़तोड़ छापेमारी से कानपुर देहात के सब्जी मसाला व अन्य किचन सामग्री तैयार करने वाली फैक्ट्रियों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया है। जांच टीम का कहना है कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद संबंधित फैक्ट्रियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई को और तेज किया जाएगा।

Sharad Awasthi
ABOUT THE AUTHOR

Sharad Awasthi

Next Story