Kanpur Dehat News: पीएफ और वेतन को लेकर सफाई कर्मियों का हल्लाबोल, तीसरे दिन भी जारी रहा धरना

Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में पीएफ और वेतन की मांग को लेकर सफाई कर्मियों का विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारी धरने पर डटे रहे और प्रशासन से समाधान की मांग की।

Manoj Singh
Published on: 27 May 2026 1:03 PM IST
Kanpur Dehat News
X

Kanpur Dehat News(Photo-Social Media)

Kanpur Dehat News: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जनपद की रनिया नगर पंचायत में सफाई कर्मियों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। यहां पीएफ जमा न होने और वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर सफाई कर्मचारी लगातार आंदोलन कर रहे हैं। तीसरे दिन भी करीब 50 कर्मचारी रनिया के बीच गोदाम में धरने पर डटे रहे और नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

डेढ़ साल से पीएफ जमा न होने का आरोप

धरने पर बैठे कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले करीब डेढ़ साल से उनका पीएफ जमा नहीं किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि वे लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद न तो उनका पीएफ जमा हो रहा है और न ही वेतन में किसी तरह की बढ़ोतरी की जा रही है। कर्मचारियों ने बताया कि इस मामले को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। लगातार अनदेखी के बाद अब उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।

तीसरे दिन भी जारी रही नारेबाजी

रनिया के बीच गोदाम में तीसरे दिन भी सफाई कर्मचारी धरने पर बैठे रहे। इस दौरान कर्मचारियों ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। धरने पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को लेकर ठोस आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

लाठीचार्ज की धमकी का आरोप

प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मियों ने नगर पंचायत ईओ और नगर पंचायत अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि धरना खत्म कराने के लिए उन्हें पुलिस बुलाकर लाठीचार्ज कराने की धमकी दी गई। कर्मचारियों के मुताबिक इस धमकी के बाद उनके बीच डर का माहौल जरूर बना है, लेकिन वे अपनी मांगों से पीछे हटने वाले नहीं हैं। उनका कहना है कि वे केवल अपना हक मांग रहे हैं और जब तक पीएफ का भुगतान और वेतन बढ़ाने को लेकर स्पष्ट फैसला नहीं होता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।

Anjali Soni

Anjali Soni

News Publisher Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story