Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में हर घर तिरंगा अभियान तेज, महिलाएं बना रहीं 3 लाख तिरंगे

Kanpur Dehat News: स्वतंत्रता दिवस से पहले कानपुर देहात में हर घर तिरंगा अभियान तेज हो गया है। स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं 3 लाख तिरंगे तैयार कर रही हैं, जिससे उन्हें रोजगार भी मिल रहा है।

Manoj Singh
Published on: 7 Aug 2026 4:43 PM IST
Every house triangle campaign in Kanpur countryside bright, women are making 3 lakh tringa
X

कानपुर देहात में हर घर तिरंगा अभियान तेज, महिलाएं बना रहीं 3 लाख तिरंगे (Photo- Newstrack)

Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में स्वतंत्रता दिवस से पहले हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में तीन लाख घरों तक तिरंगा पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है। इस अभियान की सबसे खास बात यह है कि तिरंगा बनाने की जिम्मेदारी राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सौंपी गई है। शासन की ओर से महिलाओं को प्रत्येक तिरंगा झंडा बनाने के लिए 20 रुपये दिए जा रहे हैं। ऐसे में यह अभियान सिर्फ देशभक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता का माध्यम भी बन रहा है।

तीन लाख तिरंगे तैयार करने में जुटीं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं

कानपुर देहात में एक ओर प्रशासन हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों में जुटा है, तो दूसरी ओर स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं पूरे उत्साह के साथ तिरंगा बनाने का काम कर रही हैं। जिला प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में तीन लाख तिरंगा झंडे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को तिरंगा निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है।

महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे तीन लाख तिरंगा झंडों को ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराया जाएगा। शासन की ओर से प्रत्येक झंडे के लिए 20 रुपये की निर्धारित राशि दी जा रही है। इससे समूह से जुड़ी महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होने के साथ आत्मनिर्भर और सशक्त भी बन रही हैं।

महिलाओं ने कहा, देश सेवा के साथ मिल रहा रोजगार

तिरंगा बनाने में जुटी महिलाओं का कहना है कि सरकार की इस पहल से उन्हें देश सेवा से जुड़ने का अवसर मिला है। इसके साथ ही उन्हें रोजगार भी मिल रहा है, जिससे उनकी आमदनी बढ़ रही है।

छह हजार तिरंगे बनाने का मिला लक्ष्य

उमंग सहायता समूह की प्रतिमा सिंह ने बताया कि उनके समूह को छह हजार तिरंगा झंडे बनाने का लक्ष्य दिया गया है। वहीं पूरे जनपद में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को करीब तीन लाख तिरंगे तैयार करने की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने बताया कि शासन की ओर से प्रत्येक झंडे के लिए 20 रुपये दिए जा रहे हैं। उनका कहना है कि इस तरह के कार्य से समूह की महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं और उन्हें अपने घर के साथ-साथ समाज और देश के लिए भी योगदान देने का अवसर मिल रहा है।



महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में अहम पहल

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों का कहना है कि हर घर तिरंगा अभियान महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से तिरंगा निर्माण कराया जा रहा है, जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।


देशभक्ति के साथ आत्मनिर्भरता की नई तस्वीर

कानपुर देहात में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियां अब पूरी रफ्तार पकड़ चुकी हैं। तीन लाख तिरंगे बनाने का लक्ष्य केवल एक सरकारी योजना नहीं है, बल्कि इसके पीछे हजारों ग्रामीण महिलाओं की मेहनत और सहभागिता भी जुड़ी हुई है।

देश की आन, बान और शान तिरंगे को हर घर तक पहुंचाने की इस मुहिम में महिलाओं के हाथों से तैयार हो रहा तिरंगा देशभक्ति के साथ आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण की नई तस्वीर भी पेश कर रहा है। जिला अधिकारी कपिल सिंह ने भी अभियान को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियों पर जोर देने की बात कही है।

Manoj Singh
ABOUT THE AUTHOR

Manoj Singh

वरिष्ठ संवाददाता, कानपुर देहातkanpurdehatmanojsingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story