Kanpur Dehat News: आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को बड़ी सौगात, मानदेय बढ़ा; 5 लाख तक कैशलेस इलाज

Kanpur Dehat News: ​कानपुर देहात में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 12 हजार और सहायिकाओं का 6 हजार हुआ। 5 लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी।

Manoj Singh
Published on: 8 Sept 2026 10:08 PM IST
Kanpur Dehat News: आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को बड़ी सौगात, मानदेय बढ़ा; 5 लाख तक कैशलेस इलाज
X

Kanpur Dehat News: ​कानपुर देहात के माती स्थित इको पार्क सामुदायिक भवन में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में अयोध्या में आयोजित राज्यस्तरीय आंगनवाड़ी सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण देखा व सुना गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान और जिलाधिकारी कपिल सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

​कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री अजीत सिंह पाल ने बताया कि प्रदेश सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 6 हजार रुपये कर दिया है। इसके साथ ही सभी को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा से आच्छादित करने की घोषणा की गई है। मंत्री जी ने कहा कि स्मार्टफोन और अन्य आधुनिक संसाधनों से आंगनवाड़ी केंद्रों को लगातार सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की तुलना 'मां यशोदा' से करते हुए कहा कि वे देश के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

​उत्कृष्ट कार्यकत्रियां और मेधावी छात्राएं हुईं सम्मानित

समारोह के दौरान बेहतर कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति-पत्र और पोषण पोटली प्रदान की गई। इसके अलावा 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' योजना के तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की राज्यस्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता की विजेता बालिकाओं और हाईस्कूल में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली कुल 22 मेधावी छात्राओं को ट्रैक सूट व प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

​जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दी गई सौगातों और दिशा-निर्देशों का जनपद कानपुर देहात में शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।​इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष कंचौसी राजेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, एडीएम प्रशासन अमित कुमार, एसडीएम अकबरपुर राजकुमार पांडेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी आरबी सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी रेनू यादव, बीएसए आशीष पांडेय सहित भारी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां व सहायिकाएं मौजूद रहीं।

Manoj Singh
ABOUT THE AUTHOR

Manoj Singh

वरिष्ठ संवाददाता, कानपुर देहातkanpurdehatmanojsingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story