कानपुर देहात: बिना मान्यता चल रहे 17 स्कूलों पर 17 लाख का जुर्माना, संचालकों में हड़कंप

Kanpur Dehat News: नोटिस के बाद भी स्कूल बंद न करने पर बीएसए की बड़ी कार्रवाई, रसूलाबाद के 9 और झींझक के 8 अमान्य विद्यालयों से होगी एक-एक लाख रुपये की वसूली।

Manoj Singh
Published on: 28 Nov 2026 10:32 PM IST
कानपुर देहात: बिना मान्यता चल रहे 17 स्कूलों पर 17 लाख का जुर्माना, संचालकों में हड़कंप
X

Kanpur Dehat News: जनपद में बिना मान्यता और मानकों को ताक पर रखकर संचालित हो रहे निजी विद्यालयों के खिलाफ जिला प्रशासन और बेसिक शिक्षा विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने कड़ा रुख अपनाते हुए रसूलाबाद और झींझक विकासखंड के कुल 17 अमान्य विद्यालयों पर प्रति विद्यालय एक-एक लाख रुपये (कुल 17 लाख रुपये) का भारी-भरकम अर्थदंड (जुर्माना) लगाया है। विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले के अमान्य स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया है।

​नोटिस को नजरअंदाज करना पड़ा भारी

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के अनुसार, खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) रसूलाबाद और झींझक की जांच रिपोर्ट में इन विद्यालयों के अवैध संचालन की पुष्टि हुई थी। विभाग द्वारा पूर्व में इन सभी स्कूल संचालकों और प्रबंधकों को विद्यालय बंद करने के लिए स्पष्ट नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद संचालकों ने विभागीय आदेशों की खुलेआम अवहेलना करते हुए कक्षाओं का संचालन जारी रखा और न ही नोटिस का कोई संतोषजनक जवाब दाखिल किया।

​आरटीई एक्ट के तहत हुई वसूली की कार्रवाई

निर्देशों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए शासनादेश तथा 'निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009' (RTE Act) के प्रावधानों के तहत इन सभी 17 विद्यालयों के खिलाफ एक-एक लाख रुपये जुर्माना आरोपित करते हुए वसूली के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

​कार्रवाई की जद में आए विद्यालयों की सूची:

​विकासखंड रसूलाबाद (09 विद्यालय):

ग्लोबल पब्लिक स्कूल (असालतगंज), एमएस पब्लिक स्कूल (कहिंजरी), भजन लाल रामेश्वरी देवी हायर सेकेंडरी स्कूल (उसरी), टावन मर्चेंट स्कूल (कानपुर रोड रसूलाबाद), एसडी एजुकेशन सेंटर (रसूलाबाद), हरिओम बाल विद्यालय (उसरी रसूलाबाद), पुरन लाल सरस्वती विद्या मंदिर (उसरी रसूलाबाद), जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल (नैला) और पुत्तीलाल फूलमती पब्लिक स्कूल।

​विकासखंड झींझक (08 विद्यालय):

सीके पब्लिक स्कूल (स्टेशन रोड), ईडीवीडी पब्लिक स्कूल (तेजपुर मुबारकपुर), सेंट बैली पब्लिक स्कूल, आदर्श पब्लिक स्कूल (जिनई), ख्वाजा एजुकेशनल सोसाइटी, तारावती इंटर कॉलेज (तेजपुर), एबीएस नवोदय विद्यालय और एसएसपी विद्या मंदिर (द्वारिकागंज)।

​बीएसए की दो टूक चेतावनी

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया है कि जनपद में बिना मान्यता या निर्धारित मानकों के विपरीत किसी भी विद्यालय का संचालन किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध इसी तरह कठोर दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

Manoj Singh
ABOUT THE AUTHOR

Manoj Singh

वरिष्ठ संवाददाता, कानपुर देहातkanpurdehatmanojsingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story