Kanpur News: तमंचे के बल पर कैंटर चालक से 18 हजार की वसूली, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Kanpur News: कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में कैंटर चालक और उसके पिता को तमंचे के बल पर धमकाकर 18 हजार रुपये वसूलने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम सिंह गौर उर्फ पुत्ती को गिरफ्तार किया है।

Manoj Singh
Published on: 19 Oct 2026 6:41 PM IST
Kanpur News: तमंचे के बल पर कैंटर चालक से 18 हजार की वसूली, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
X

Kanpur News

Kanpur News: मंगलपुर थाना पुलिस ने कैंटर चालक और उसके पिता को तमंचे के बल पर धमकाकर जबरन वसूली करने के मामले में मुख्य वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कार से टक्कर मारने का झूठा आरोप लगाकर चार युवकों ने दोनों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। इसके बाद उनसे 3,000 रुपये नकद और 15,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए थे। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

कार से टक्कर मारने का झूठा आरोप लगाकर की वसूली

पुलिस के अनुसार, मुरादाबाद जिले के कुंदरकी थाना क्षेत्र के चकफाजलपुर निवासी जिलानी ने मंगलपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर 2026 को वह अपने पिता रसूल के साथ आइसर कैंटर से रसूलाबाद से सिकंदरा की ओर जा रहे थे।इसी दौरान मंगलपुर थाना क्षेत्र में भारत पेट्रोल पंप के पास एक कार में सवार चार युवकों ने उनके कैंटर पर अपनी गाड़ी में टक्कर मारने का आरोप लगाया। आरोप है कि युवकों ने जिलानी और उनके पिता के साथ गाली-गलौज व मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद तमंचे के बल पर डराकर उनसे 3,000 रुपये नकद ले लिए गए, जबकि उनके एक मित्र के माध्यम से 15,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए। इस तरह कुल 18,000 रुपये की वसूली की गई।शिकायत के आधार पर मंगलपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 355/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू की गई।

खम्हैला मोड़ के पास से मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मंगलपुर थाना पुलिस ने सिड़मरा की ओर खम्हैला मोड़ के पास से मुख्य वांछित आरोपी शिवम सिंह गौर उर्फ पुत्ती को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र करीब 22 वर्ष है और वह झींझक कस्बे के शंकरगंज क्षेत्र का निवासी बताया गया है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं पांच मुकदमे

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शिवम सिंह गौर उर्फ पुत्ती के खिलाफ मंगलपुर थाने में चोरी, लूट, मारपीट और एससी-एसटी अधिनियम समेत विभिन्न आरोपों से संबंधित पांच मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2017, 2021, 2024 और 2025 के मामले भी शामिल हैं। इसके अलावा, मौजूदा वसूली के मामले में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के मुताबिक, मामले में सत्यम, अमित पाल उर्फ अनुज और एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Manoj Singh
ABOUT THE AUTHOR

Manoj Singh

वरिष्ठ संवाददाता, कानपुर देहातkanpurdehatmanojsingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story