Kanpur Dehat News: हर घर तिरंगा अभियान में निकली भव्य तिरंगा रैली, राष्ट्रभक्ति नारों से गूंजा शहर

Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में हर घर तिरंगा अभियान के तहत इको पार्क से कलेक्ट्रेट तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने राष्ट्रध्वज के सम्मान और अधिक से अधिक जनभागीदारी का आह्वान किया।

Manoj Singh
Published on: 5 Aug 2026 6:27 PM IST
Kanpur Dehat News
X

Kanpur Dehat News(Photo-Social Media)

Kanpur Dehat News: आगामी स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत बुधवार को जनपद कानपुर देहात में देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना का अनूठा माहौल देखने को मिला। माती स्थित इको पार्क में जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) विधान जायसवाल की उपस्थिति में सामूहिक राष्ट्रगीत गायन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं और छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में राष्ट्रगीत गाकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।

इको पार्क से कलेक्ट्रेट तक निकली भव्य तिरंगा रैली

सामूहिक राष्ट्रगीत गायन के बाद इको पार्क, माती से कलेक्ट्रेट परिसर तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राएं, युवा, अधिकारी और कर्मचारी पूरे उत्साह के साथ रैली में शामिल हुए। रैली के दौरान गूंजते देशभक्ति के नारे और भारत माता की जय के जयघोष ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। रैली का उद्देश्य लोगों को 'हर घर तिरंगा' अभियान से जोड़ना और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक करना रहा।

राष्ट्रध्वज सम्मान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक: डीएम कपिल सिंह

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की अस्मिता, गौरव और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में देशभक्ति की भावना को अपनाने और राष्ट्रध्वज के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।

घर, दुकान और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, व्यापारियों और विभिन्न संस्थानों के प्रमुखों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर नियमों और गरिमा के साथ तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा और सम्मान का परिचय दें।

'हर घर तिरंगा' अभियान को सफल बनाने का आह्वान

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने 'हर घर तिरंगा' अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। प्रशासन ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़कर राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाने की अपील की।

Manoj Singh
ABOUT THE AUTHOR

Manoj Singh

वरिष्ठ संवाददाता, कानपुर देहातkanpurdehatmanojsingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story